Siwan News: (रंजीत कुमार यादव) प्रखंड के चर्चित व्यवसायी सूर्यदेव प्रसाद के पुत्र और इंदिरा आवास सहायक 45 वर्षीय अनिल कुमार गुप्ता की सोमवार की अहले सुबह सारण जिले के सहाजीतपुर थाना क्षेत्र स्थित पीपरा टॉल प्लाजा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. घटना के बाद भगवानपुर हाट बाजार में शोक की लहर दौड़ गई.
व्यवसाय और नौकरी दोनों से जुड़े थे अनिल कुमार गुप्ता
जानकारी के अनुसार, अनिल Kumar Gupta लकड़ी नवीगंज में आवास सहायक के पद पर कार्यरत थे. इसके अलावा भगवानपुर हाट बाजार में उनकी साइकिल की थोक एवं खुदरा दुकान भी थी. अपने व्यवहार और व्यवसाय के कारण वे क्षेत्र में एक लोकप्रिय और पहचान रखने वाले व्यक्ति थे. बताया जाता है कि सोमवार सुबह वे किसी साइकिल व्यवसायी साथी से मिलने सहाजीतपुर गए थे. लौटने के दौरान पीपरा टॉल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही सहाजीतपुर थानाध्यक्ष सूरज शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक अपने पीछे पत्नी कुमारी माया शास्त्री, आठ वर्षीय पुत्र अनमय, माता प्रभावती देवी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनकी पत्नी सिवान के एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, माता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
टॉल प्लाजा की अव्यवस्था पर स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने पीपरा टॉल प्लाजा की अव्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि टॉल प्लाजा पूरी तरह चालू नहीं होने के बावजूद उसके सभी लेन पर बड़े वाहनों की अनियमित पार्किंग होती रहती है, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन लंबे समय से इस समस्या को नजरअंदाज कर रहा है. उनका कहना है कि यदि समय रहते टॉल प्लाजा के आसपास यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था.
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीपरा टॉल प्लाजा के आसपास पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से टॉल प्लाजा के आसपास अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ALSO READ: Breaking: देर रात सीवान पुलिस ने 40 लाख के सोना लूट कांड के आरोपी का किया एनकाउंटर
