सीवान: भगवानपुर हाट में सांप के डंसने से 9 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर, 42 एंटीवेनम से बची जान

सीवान के भगवानपुर हाट में जहरीले सांप के डंसने से 9 वर्षीय बच्ची सृष्टि कुमारी अचेत हो गयी. अस्पताल में 42 एंटीवेनम इंजेक्शन देकर डॉक्टरों ने उसकी जान बचायी.

Siwan News: भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र में लगातार सांप काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं. हालांकि, समय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों का इलाज कर उनकी जान बचायी जा रही है. ऐसा ही मामला बुधवार की अहले सुबह मीरहाता गांव में सामने आया, जहां जहरीले सांप के डंसने से 9 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर हो गयी. समय पर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया और एंटीवेनम देकर बच्ची की जान बचाने में सफलता हासिल की.

रसोई में पानी पीने गयी थी बच्ची, सांप ने डंसा

मीरहाता गांव निवासी अखिलेश प्रसाद की 9 वर्षीय पुत्री सृष्टि कुमारी बुधवार की सुबह नींद से उठकर रसोई में पानी पीने गयी थी. इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डंस लिया. सांप के डंसने के बाद परिजन बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने में लग गये. इस वजह से इलाज में काफी देरी हो गयी.

अचेत हालत में अस्पताल पहुंची सृष्टि

झाड़-फूंक के बाद भी बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ. स्थिति लगातार बिगड़ने पर परिजन उसे अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर हाट लेकर पहुंचे. अस्पताल पहुंचने के समय बच्ची की हालत गंभीर थी. इसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार प्रमोद ने तत्काल इलाज शुरू कराया.

42 एंटीवेनम इंजेक्शन देकर बचायी जान

बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल एंटीवेनम देना शुरू किया. लगातार इलाज और निगरानी के दौरान बच्ची को कुल 42 एंटीवेनम इंजेक्शन दिये गये. डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की लगातार मेहनत के बाद बच्ची की स्थिति में सुधार हुआ और उसकी जान बचायी जा सकी.

ऑक्सीजन स्तर 69 प्रतिशत तक पहुंचा था

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार प्रमोद ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के समय बच्ची का पल्स 70 था, जबकि ऑक्सीजन का स्तर 69 प्रतिशत तक पहुंच गया था. बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की पांच सदस्यीय टीम ने लगातार निगरानी करते हुए उपचार किया. समय पर एंटीवेनम और आवश्यक चिकित्सा मिलने के बाद बच्ची की स्थिति में सुधार हुआ.

डॉक्टर ने झाड़-फूंक से बचने की दी सलाह

डॉ. कुमार प्रमोद ने लोगों से अपील की कि सांप के डंसने की स्थिति में झाड़-फूंक या किसी तरह के अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करें. सांप काटने के बाद मरीज को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाएं. उन्होंने कहा कि समय पर इलाज और एंटीवेनम मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचायी जा सकती है. अस्पताल में सांप काटने के मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत यादव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >