सीवान में घर से बुलाकर युवक की गोली मार कर हत्या, फलमंडी में खून से लथपथ मिला शव, भाई ने दोस्त पर जताया शक

Siwan Youth murdered : सीवान जिले में अपराधियों ने एक युवक को घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी. युवक का शव फलमंडी के पास खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Siwan Youth murdered : सीवान जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित फलमंडी में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी है. मृतक युवक शुक्रवार शाम से लापता था और देर रात उसका शव खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

पचरुखी के ईटवा उत्तर टोला का रहने वाला था मृतक

मृतक युवक की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के ईटवा उत्तर टोला निवासी सुजीत साह के रूप में हुई है. मृतक के भाई ने बताया कि शुक्रवार की शाम सीवान शहर के आमिर नामक एक युवक ने सुजीत को घर से बुलाया था. रात करीब 12 बजे तक जब सुजीत वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी.

दोस्तों से पूछताछ के बाद शुरू हुई खोजबीन

भाई ने आमिर को फोन किया तो उसने बताया कि वह घर लौट आया है और सुजीत सोनू के साथ है. इसके बाद मृतक का भाई अपनी साइकिल से सीवान पहुंचा और आमिर को स्टेशन बुलाकर सुजीत की तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी जब सुजीत नहीं मिला तो वे सोनू के घर पहुंचे. सोनू ने भी सुजीत के बारे में कोई जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया.

फलमंडी के रास्ते में खून से लथपथ मिला शव

सुजीत का कहीं पता नहीं चलने पर उसका भाई निराश होकर फलमंडी के रास्ते वापस लौट रहा था. इसी दौरान उसने सड़क पर अपने भाई को अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा. जब उसने सुजीत को उठाने की कोशिश की तो पता चला कि उसे गोली मारी गई है और उसकी मौत हो चुकी है.

पुलिस कर रही मामले की गहन जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के भाई ने स्पष्ट आरोप लगाया है कि सुजीत को साजिश के तहत घर से बुलाकर गोली मारी गई है. पुलिस फिलहाल सभी एंगल से इस हत्याकांड की बारीकी से जांच कर रही है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

सुजीत की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस आमिर और सोनू के बयानों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. वर्तमान में पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read : सीवान में बच्चों के विवाद में चाकूबाजी, बीच बाजार में दुकानदार पर जानलेवा हमला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >