सीवान में विश्व आदिवासी दिवस पर गोंड समाज ने दिखाई संस्कृति की झलक, हुरका-झाल की थाप पर गूंजा कार्यक्रम

सीवान में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोंड आदिवासी समाज ने धूमधाम से कार्यक्रम का आयोजन किया. इस दौरान पारंपरिक संगीत, वेशभूषा और नृत्य से संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली.

सीवान: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सीवान में सारण प्रमंडल के गोंड आदिवासी समाज की ओर से कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया. महादेवा रोड स्थित पवित्र बंधन विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली.

हुरका और झाल की थाप से हुआ अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. सुजाता सुम्ब्रोई रहीं. विशिष्ट अतिथि के रूप में बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, जदयू जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री मुकेश कुमार बंटी और नंद प्रसाद चौहान मौजूद रहे.

अतिथियों के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से हुरका और झाल बजाकर उनका स्वागत किया. पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप से कार्यक्रम स्थल का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया. इस दौरान समाज की युवतियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति की आकर्षक झलक पेश की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता तिरुमल शंभू प्रसाद गोंड ने की, जबकि व्यवस्थापक की जिम्मेदारी रवि कुमार गोंड ने संभाली.

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को याद करने का अवसर है. समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी हुई है. ऐसे में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है.

वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा. शिक्षा, सामाजिक विकास और अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से काम करने की आवश्यकता है.

समाज के विकास पर भी हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान गोंड समाज के सामाजिक विकास, एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने को लेकर भी चर्चा की गयी. वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी सहयोग और एकता के साथ आगे बढ़ने की अपील की.

कार्यक्रम में स्वागतकर्ता के रूप में मजदूर यूनियन के राज्य सचिव अमित गोंड, तिरुमल राम बड़ाई गोंड, तिरुमल बालकुवर शाह, मदन गोंड, महेश गोंड, कन्हैया गोंड, भारत गोंड, जितेंद्र गोंड, गुड्डू गोंड, बीरबल गोंड, अजय कुमार गोंड, सत्येंद्र कुमार गोंड, विमलेश गोंड और बलेथा मुखिया संतोष साह समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे.

Also Read: फुलवरिया की गलियों में साइकिल चलाते दिखे तेज प्रताप, गाय का दूध दुहा और निकाला गन्ने का जूस, पिता लालू को लेकर कही दिल की बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >