Siwan Road Accident: जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-531 (NH-531) पर दर्शनी (डहकनी) गांव के समीप सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पिपरा स्थानीय बाजार निवासी टोटो चालक विकास कुमार उर्फ टीमल (पिता का नाम अज्ञात) देर रात सवारी लेकर जा रहे थे. इसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ट्रक ने टोटो में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और चालक विकास कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
प्राथमिक उपचार के बाद सीवान रेफर
हादसे के वक्त टोटो पर सवार डुमरी गांव निवासी गौतम राम गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. दरौंदा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल गौतम राम को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दरौंदा में भर्ती कराया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सीवान रेफर कर दिया.
पांच वर्ष पूर्व हुई थी शादी
मृतक विकास कुमार अपने परिवार का मुख्य सहारा थे. उनकी शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व हुई थी. वे अपने पीछे पत्नी सुजा कुमारी और दो वर्षीय मासूम बेटी साक्षी कुमारी को छोड़ गए हैं. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. पत्नी और परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा व सड़क दुर्घटना राहत कोष से मुआवजा देने और फरार डंपर चालक को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार को शव शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया. दरौंदा थाना पुलिस ने बताया, "एनएच-531 पर डंपर की टक्कर से टोटो चालक की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के जरिए अज्ञात डंपर की पहचान की जा रही है. पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."
Also Read: सीवान में रातभर चला विशेष गश्ती अभियान, बैंक-एटीएम और ज्वेलरी दुकानों की हुई जांच
