Ticket Checking Campaign: बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से सोमवार को सीवान को केंद्रित कर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया. सीवान स्टेशन के अलावा महाराजगंज-सीवान रेलखंड पर चलने वाली विभिन्न ट्रेनों में भी टिकटों की जांच की गयी. अभियान के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित रूप से यात्रा करते पाए गये 38 यात्रियों को पकड़ा गया. इनसे रेलवे नियमों के तहत कुल 19,990 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूले गये.
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाये गये अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर ने किया. टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, आईसीपी छपरा के पांच टिकट निरीक्षक तथा रेलवे सुरक्षा बल के दो जवान शामिल रहे.
सीवान स्टेशन से ट्रेनों तक चला जांच अभियान
रेलवे टीम ने सीवान स्टेशन पर यात्रियों के टिकटों की जांच करने के साथ महाराजगंज-सीवान रेलखंड पर संचालित विभिन्न ट्रेनों में भी टिकट चेक किये. इस दौरान गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी-सीवान सवारी गाड़ी और 15708 अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गयी.
जांच के दौरान बिना वैध टिकट या अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों को रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ा. रेलवे की इस कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही.
38 यात्रियों से वसूला गया 19,990 रुपये का राजस्व
अभियान के दौरान कुल 38 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते पकड़े गये. रेलवे अधिकारियों ने नियमों के तहत इन यात्रियों से कुल 19,990 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूल किये.
रेलवे का कहना है कि इस तरह के टिकट जांच अभियान से बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ रेलवे के राजस्व की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है.
आगे भी जारी रहेगा टिकट जांच अभियान
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टिकट जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा रेल राजस्व की सुरक्षा करना है. अधिकारियों ने बताया कि सीवान सहित वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों और स्टेशनों पर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अपने पास रखें और रेलवे के सभी नियमों का पालन करें. बिना टिकट यात्रा करने पर रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई और जुर्माना किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
