Siwan News : बिहार बंद के समर्थन में शनिवार को सीवान में प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई स्थानों पर झड़प, पथराव और लाठीचार्ज हुआ. इस दौरान सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) पूरन कुमार झा समेत कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हो गए. वहीं, गोली लगने से तीन युवक भी घायल हुए हैं, जिनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. उग्र स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इसके साथ ही दो दर्जन से अधिक हवाई फायरिंग और कई राउंड आंसू गैस के गोले भी दागे गए.
शहर के कई हिस्सों में हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने गांधी मैदान, जेपी चौक, सदर अस्पताल मोड़, कागजी मोहल्ला, गोपालगंज मोड़ और सीवान कचहरी रेलवे ढाला सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन किया. आंदोलनकारी दिल्ली में हुए लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय जांच कराने और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे.
जेपी चौक पर सुबह से लगा रहा जाम
बिहार बंद के आह्वान के बाद सुबह से ही समर्थकों की भीड़ शहर में जुटने लगी. सुबह करीब 9:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने जेपी चौक पर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मुख्य सड़क जाम कर दी. जाम हटाने पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.
गांधी मैदान में सभा से पहले पुलिस ने हटाया जमावड़ा
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में बंद समर्थक गांधी मैदान में जुटे थे, जहां सभा प्रस्तावित थी. लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने लोगों को हटाने का प्रयास किया. इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े. इसके बाद गांधी मैदान खाली कराया गया.
तीन घंटे तक युद्ध के मैदान में तब्दील रहा शहर
उग्र प्रदर्शन के कारण करीब तीन घंटे तक शहर के मुख्य मार्ग युद्ध के मैदान में तब्दील रहे. गोपालगंज मोड़ पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी सीवान कचहरी रेलवे ढाला के पास पहुंच गए और वहां लगाए गए बैरिकेड को क्षतिग्रस्त कर दिया. दूसरी ओर जेपी चौक और सदर अस्पताल मोड़ पर भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा होकर नारेबाजी करने लगे. इसी दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया, जिसमें एसपी पूरन कुमार झा भी घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, दर्जनों हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे. कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारी अलग-अलग समूहों में शहर के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन करते रहे.
गोली लगने से तीन युवक घायल, पुलिस फायरिंग की पुष्टि नहीं
प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से तीन युवकों के घायल होने की सूचना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में दरौली थाना क्षेत्र के डुमरहर बुजुर्ग गांव निवासी बुलेट कुमार गोंड़ शामिल हैं. उन्होंने बताया कि वह जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गांव से सीवान आए थे. इसी दौरान उनके पैर में गोली लगी, जो आर-पार हो गई. वहीं, अन्य दो घायलों में एक युवक के पैर और दूसरे के गले में गोली लगी है. घायल आकाश नामक युवक ने दावा किया कि उसे पुलिस की गोली लगी है. हालांकि, प्रशासन ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि घायलों को पुलिस फायरिंग के दौरान ही गोली लगी है.
