Police Custody Escape: नगर थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपित मंगलवार की सुबह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. शौचालय जाने की बात कहकर हाजत से निकला आरोपित थाना भवन के गेट पर पहुंचते ही होम गार्ड को धक्का देकर भाग निकला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. फरार आरोपित की पहचान नगर थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर (सब्जी मंडी) निवासी संजय साह के पुत्र आदित्य कुमार उर्फ गणेश के रूप में हुई है. वह नगर थाना कांड संख्या 819/2026 में धारा 25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट का आरोपित है.
विशेष अभियान में पिस्टल के साथ हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान के तहत सोमवार को आदित्य कुमार उर्फ गणेश को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उसे नगर थाना की हाजत में रखा गया था. मंगलवार की सुबह वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया.
शौचालय जाने की बात कहकर गेट तक पहुंचा
थाने में तैनात परीक्ष्यमान पुलिस अवर निरीक्षक शिल्पी कुमारी की प्राथमिकी के अनुसार, 31 अगस्त की रात 10 बजे से एक सितंबर की सुबह आठ बजे तक उनकी ओडी ड्यूटी थी.
मंगलवार की सुबह करीब 6:10 बजे उन्होंने गृह रक्षक सिपाही समशीर अहमद और अनीष कुमार मिश्रा को आवश्यक हिदायत देकर नित्यक्रिया के लिए थाना भवन की ऊपरी मंजिल पर चली गयीं. इसी दौरान करीब 6:20 बजे आदित्य कुमार ने बार-बार शौचालय जाने की बात कही.
इसके बाद अनीष कुमार मिश्रा उसे शौचालय के लिए थाना गेट की ओर लेकर पहुंचे. इसी दौरान आदित्य कुमार ने संतरी ड्यूटी में तैनात समशीर अहमद को धक्का दिया और वहां से भागने लगा.
पतली गली का सहारा लेकर हुआ फरार
आरोपित के भागने के बाद दोनों गृह रक्षकों ने उसका पीछा किया. लेकिन आदित्य कुमार पतली गली का सहारा लेकर भाग निकला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने आसपास के इलाके में सघन खोजबीन शुरू की. संभावित ठिकानों पर भी तलाश की गयी, लेकिन देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
लापरवाही मिली तो संतरी पर होगी कार्रवाई
इस मामले में एसपी भारत सोनी ने बताया कि घटना की जांच सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि संतरी की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
