छपरा रोड पर टूटा 11 हजार वोल्ट का तार, करंट की चपेट में आए दर्जनों लोग

Siwan News : सीवान शहर के व्यस्ततम छपरा रोड पर सोमवार की शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया. अस्पताल मोड़ और बाबुनिया मोड़ के बीच स्थित एक मोबाइल दुकान के समीप 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया.

Siwan News : (अमर नाथ शर्मा) सीवान शहर के व्यस्ततम छपरा रोड पर सोमवार की शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया. अस्पताल मोड़ और बाबुनिया मोड़ के बीच स्थित एक मोबाइल दुकान के समीप 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे.

बाजार में खरीदारी कर रहे लोग अचानक आए करंट की चपेट में

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे बाजार में काफी भीड़ थी और लोग खरीदारी में व्यस्त थे. इसी दौरान हाई वोल्टेज तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा. तार गिरते ही आसपास मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए. हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के झुलसने की सूचना है.

छह घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती

स्थानीय लोगों की तत्परता से गंभीर रूप से घायल छह लोगों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में नया बाजार निवासी रिंकू अली, देवघर निवासी नसरूल्लाह, कुतुब छपरा निवासी साजिद अली, अतरसुआ निवासी अब्दुल्लाह, कुतुब छपरा निवासी राजा तथा सदर अस्पताल रोड निवासी खालिद शामिल हैं.

दो घायलों को पीएमसीएच भेजने की तैयारी

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं. हालांकि दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर करने की तैयारी की जा रही है.

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही नगर इंस्पेक्टर अभिनाश कुमार और सीडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों का हालचाल लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की. हादसे के बाद कुछ समय के लिए छपरा रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा.

बिजली विभाग पर फूटा लोगों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि जर्जर तारों और बिजली व्यवस्था की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. नागरिकों ने पूरे इलाके में हाईटेंशन तारों की जांच और मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.

Also Read : सीवान में चोरी कांड का खुलासा, पुलिस ने 2 महिला समेत 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >