आचार संहिता उल्लंघन मामले में कल सीवान कोर्ट में नहीं पेश होंगे लालू प्रसाद यादव

Siwan News: आचार संहिता उल्लंघन मामले में कल सीवान कोर्ट में नहीं पेश होंगे लालू प्रसाद यादव

Siwan News: (जितेंद्र उपाध्याय की रिपोर्ट) राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद के 11 मई की शाम को सीवान आने के कार्यक्रम कैंसिल हो जाने की चर्चा है.राजद प्रमुख पर चल रहे चुनावी आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में 12 मई को ACGM वन के कोर्ट में पेश होना था. इसको लेकर 1 दिन पहले ही सीवान आने का कार्यक्रम तय था.एक आचार संहिता उल्लंघन मामले में लगातार सुनवाई में हिस्सा नहीं लेने पर कोर्ट ने पूर्व में ही कुर्की जब्ती का आदेश जारी किया था. हालांकि स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहने के आधार पर कुर्की का आदेश स्थगित करते हुए कोर्ट ने पेश होने का निर्देश दिया था.पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन मामले में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सीवान सह विशेष अदालत एमपी एमएलए अरविंद कुमार सिंह की अदालत ने कुर्की की प्रक्रिया जारी करने का आदेश पारित कर दिया था.अदालत ने आचार संहीता के उलंघन के मामले में लगातार अनुपस्थित चल रहे लालू प्रसाद पर कुर्की की प्रक्रिया त्वरित रूप से पालन कराए जाने का भी आदेश दिया था.

आचार संहिता उल्लंघन का यह था पूरा मामला

बताया जाता है कि वर्ष 2011 के विधानसभा चुनाव हेतु 109 दारौंदा विधानसभा क्षेत्र के लिए राजद के प्रत्याशी परमेश्वर सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के तत्कालीन रेल मंत्री एवं राजद नेता लालू प्रसाद यादव 8 अक्टूबर 11 को दारौंदा पहुंचे थे.किन्तु इसके पूर्व ही उपरोक्त स्थल पर 12 सितंबर 2011 से ही निषेधाज्ञा लागू था तथा बगैर अनुमति के चुनाव प्रचार तथा ध्वनिक विस्तारक यंत्र का प्रयोग वर्जित था.बावजूद इसके राजद नेता ने ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करते हुए संध्या 5:00 बजे चुनाव प्रचार और भाषण दिया .इसी बीच तत्कालीन अंचलाधिकारी सह चुनाव प्रबंध उड़न दस्ता दल के प्रभारी शंकर महतो ने औचक निरीक्षण किया और यह पाते हुए की दोनों के द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है तुरंत परमेश्वर सिंह तथा लालू प्रसाद को अभियुक्त बनाते हुए प्राथमिकी थाना कांड संख्या 146 /11 दर्ज कराया.मामले में सुनवाई हुई तथा दोनों अभियूक्तों को दोषी पाते हुए अदालत ने भादवि की धारा 188 के अंतर्गत संज्ञान भी ले लिया. तदुपरांत दोनों उपायुक्तों पर नोटिस प्रक्रियाकी गई. इस बीच पूर्व प्रत्याशी परमेश्वर सिंह का निधन हो गया और एकमात्र अभियुक्त लालू प्रसाद यादव पर ही मुकदमा चलता रहा. लालू प्रसाद यादव का कोर्ट में अनुपस्थिति को लेकर दो बार गैर जमानती वारंट का आदेश भी जारी हुआ और इसे पुलिस कप्तान के माध्यम से पालित कराने का आदेश भी मामले में हुआ. साथ ही इसी मामले में आदेश का अनुपालन नही होने पर तत्कालीन थाना प्रभारी पर कारण बताओं नोटिस भी निर्गत की गई थी.किंतु किसी भी आदेश का पालन मामले में नहीं किया गया. इस मामले में अदालत द्वारा संबंधित प्राधिकारी को कई बार रिमाइंडर भी प्रेषित किया गया. इस मामले में निर्देश का अनुपालन नहीं होने पर बाध्य होकर न्यायालय ने मामले के शेष एकमात्र अभियुक्त लालू प्रसाद यादव पर कुर्की की प्रक्रिया जारी करने और संबंधित प्राधिकारी द्वारा आदेश पालित किए जाने का भी आदेश पारित कर दिया. हालांकि राजद पक्ष के अधिवक्ता का कहना है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते अनुपस्थित रहने का मामला संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने आदेश को पूर्व में स्थगित कर दिया है. इसी क्रम में सुनवाई को लेकर 12 मई 2026 की तिथि तय है. स्पीच एक बार फिर यह चर्चा है कि लालू प्रसाद यादव तिथि पर कोर्ट में पेश नहीं होंगे. इस संबंध में पूछे जाने पर राजद जिला अध्यक्ष विपिन कुशवाहा ने कहा कि हमें भी पार्टी प्रमुख के नहीं आने की सूचना मिली है.इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है.

राजद द्वारा जारी किया गया था यह कार्यक्रम

पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार पूर्व रेल मंत्री एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद 11 मई 2026 सोमवार को सीवान आएंगे.उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जारी आधिकारिक टूर प्रोग्राम के अनुसार वे सड़क मार्ग से पटना से सीवान पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे.जारी कार्यक्रम के अनुसार लालू प्रसाद 11 मई को दोपहर 2 बजे पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड आवास से प्रस्थान करेंगे. वे जेपी सेतु, दरियापुर चक्का फैक्ट्री होते हुए शाम 5 बजे सीवान सर्किट हाउस पहुंचेंगे. यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे.इसके बाद 12 मई की सुबह 7 बजे सीवान सर्किट हाउस से निकलकर 7:20 बजे सीवान सिविल कोर्ट पहुंचेंगे.निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोर्ट में कार्य पूरा करने के बाद वे सुबह 10 बजे पुनः सर्किट हाउस लौटेंगे. इसके बाद 11:30 बजे सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना होंगे और दोपहर 2:30 बजे पटना पहुंचने का कार्यक्रम है.टूर प्रोग्राम में प्रशासन को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री को ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है. प्रशासन से फुलप्रूफ सुरक्षा, एस्कॉर्ट तथा आवश्यक वाहनों एवं कमरों की व्यवस्था करने को कहा गया है. हालांकि उक्त सभी कार्यक्रम अब निरस्त होने की चर्चा है.

ALSO READ: आज सीवान दौरे पर आएंगे पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By karunatiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >