वाहन चेकिंग के दौरान लोडेड देशी पिस्टल के साथ बदमाश गिरफ्तार

Siwan News:महाराजगंज थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बदमाश को लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है.

महाराजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी फरार

Siwan News: सीवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है, आरोपी के पास से लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है. वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.

रेलवे हाल्ट के पास चल रही थी वाहन जांच

महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि शनिवार की संध्या पुअनि इन्द्रदेव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम विशुनपुर महुआरी रेलवे हाल्ट के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान धोवलिया गांव की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए.

पुलिस को देखकर भागने लगे युवक

पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने पीछा किया और तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक मौके से फरार होने में सफल रहा.

तलाशी में बरामद हुई पिस्टल और कारतूस

गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने की भी कोशिश की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.

गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के शुरवीर गांव निवासी सुरेंद्र यादव के पुत्र मिथलेश यादव के रूप में हुई है. पूछताछ के बाद रविवार को उसे जेल भेज दिया गया.

फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार दूसरे युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस संबंध में महाराजगंज थाना कांड संख्या 174/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.

लोगों से पुलिस की अपील

थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध से जुड़ी जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

ALSO READ: जनगणना कार्य में लापरवाही पर पांच बीडीओ और नगर परिषद ईओ से जवाब तलब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By karunatiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >