Siwan News : (रवींद्र कुमार गुप्ता) सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड स्थित विद्युत उपकेंद्र के समीप शनिवार शाम झाड़ियों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें उपकेंद्र तक पहुंच गईं, जिससे विद्युत तार, झाड़ियां और दर्जनों पेड़-पौधे जलकर राख हो गए. समय रहते अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार शाम कुछ असामाजिक तत्वों ने झाड़ियों में आग लगा दी. पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैलती हुई विद्युत उपकेंद्र तक पहुंच गई. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
बिजली के तारों को हुआ नुकसान
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) दीपक कुमार ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें उपकेंद्र के बेहद करीब पहुंच गई थीं. आग की चपेट में आने से बिजली के तारों का कवर जल गया और आसपास की वनस्पति भी नष्ट हो गई.
समय रहते टला बड़ा हादसा
जेई ने बताया कि यदि उपकेंद्र के चारों ओर सुरक्षा दीवार नहीं होती तो ट्रांसफॉर्मर में उपयोग होने वाला तेल भी आग की चपेट में आ सकता था, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने के साथ बड़ा हादसा भी हो सकता था. उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया.
