जनगणना कार्य में लापरवाही पर पांच बीडीओ और नगर परिषद ईओ से जवाब तलब

Siwan News: सीवान में जनगणना 2027 की तैयारी और प्रगति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है.

24 घंटे में स्पष्टीकरण देने का निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी

Siwan News: (विवेक सिंह की रिपोर्ट) सीवान में जनगणना 2027 की तैयारी और प्रगति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने जिले के पांच प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) और नगर परिषद सीवान के कार्यपालक पदाधिकारी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक

जारी पत्र के अनुसार शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

कई प्रखंडों में मिली धीमी प्रगति

समीक्षा के दौरान गोरेयाकोठी, भगवानपुर हाट, मैरवा, हसनपुरा और जीरादेई प्रखंड क्षेत्रों में जनगणना कार्यों की प्रगति काफी धीमी पाई गई। वहीं नगर परिषद सीवान क्षेत्र में भी कार्य संतोषजनक नहीं मिला. इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया.

जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

जारी पत्र में कहा गया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में रुचि नहीं लेना अधिकारियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तय समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जनगणना अधिनियम के तहत अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की जाएगी.

इन अधिकारियों से मांगा गया जवाब

जिन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है उनमें गोरेयाकोठी के चार्ज पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, भगवानपुर हाट, मैरवा, हसनपुरा और जीरादेई के बीडीओ के अलावा नगर परिषद सीवान के कार्यपालक पदाधिकारी शामिल हैं. जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है.

ALSO READ:

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By karunatiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >