National Sports Day: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को खेल भवन सह व्यायामशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जिले की खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया. हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के कृतित्व और योगदान को याद करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया.
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि खेल सामूहिकता, सहिष्णुता और टीम भावना का संदेश देता है. विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में देना चाहिए. जिले की खेल प्रतिभाएं नियमित अभ्यास, जुनून और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ें और जिले का नाम रोशन करें. जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को हर स्तर पर सहयोग और समर्थन देने के लिए सदैव तैयार है.
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में खेल क्लब और एकलव्य विद्यालय जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. जीरादेई प्रखंड के भैंसाखाल में स्विमिंग पूल और मल्टीपर्पस हॉल प्रस्तावित है. मशाल जैसे खेल आयोजनों के माध्यम से छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है. खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाना चाहिए.
नियमित खेलकूद से होता है शारीरिक और मानसिक विकास
एसपी भारत सोनी ने कहा कि खेल व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नियमित खेलकूद से शारीरिक और मानसिक विकास होता है. निरंतर अभ्यास ही खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंचाता है. उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया.
कराटे और मार्शल आर्ट्स का आकर्षक प्रदर्शन
कार्यक्रम में बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि डीएवी इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने बैंड के साथ अतिथियों का स्वागत किया. बच्चों ने कराटे, वुशु और मार्शल आर्ट्स का आकर्षक प्रदर्शन किया. जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार ने अतिथियों का मोमेंटो और पौधा देकर स्वागत किया. इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ. शिक्षक मनोरंजन सिंह ने मंच का संचालन किया.
कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. धज्जू सिंह उच्च विद्यालय, भरथुई और महावीरी विजयहाता के बीच हुए मुकाबले में महावीरी विजयहाता ने 26-3 से जीत दर्ज की.
किशुनपाली और भवराजपुर के बीच बालक वर्ग के मुकाबले में भवराजपुर की टीम विजेता रही. वहीं भवराजपुर और गहिलापुर के दूसरे मुकाबले में गहिलापुर की टीम ने जीत दर्ज की.
बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय छाता ने रॉयल एकेडमी को हराया, जबकि महेंद्र हाईस्कूल जीरादेई और उच्च विद्यालय गहिलापुर के बीच हुए मुकाबले में गहिलापुर की टीम विजेता रही. फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग में धज्जू सिंह उच्च विद्यालय, भरथुई और बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय, छाता के खिलाड़ियों ने बाजी मारी.
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और खिलाड़ी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार, डीडीसी अमिताभ सिंह, एडीएम राजस्व प्रमोद कुमार, एडीएम लोक शिकायत इस्तियाक अली, सिविल सर्जन श्रीनिवास कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
