सीवान: रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान और राजकीय रेल पुलिस सीवान की संयुक्त टीम ने सोमवार को सीवान जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्रियों के कीमती सामान की चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद किया गया है. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बतायी गयी है.
प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर गश्त कर रही थी संयुक्त टीम
आरपीएफ के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के दिशा-निर्देशन तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में सोमवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर गश्त कर रही थी.
इसी दौरान पश्चिमी स्टॉल के पास एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं. टीम ने संदेह के आधार पर युवक को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद किया गया.
पूछताछ में अलग-अलग ट्रेनों से मोबाइल चोरी करने की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम सलमान अंसारी बताया. वह मैरवा थाना क्षेत्र के नवका टोला निवासी खुशबुद्दीन अंसारी का पुत्र है.
पूछताछ के दौरान युवक ने बरामद मोबाइल फोन को अलग-अलग ट्रेनों से चोरी करने की बात स्वीकार की है. इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया.
वीवो, ओप्पो और मोटोरोला के मोबाइल बरामद
गिरफ्तार युवक के पास से बरामद तीन मोबाइल फोन में एक वीवो, एक ओप्पो और एक मोटोरोला कंपनी का फोन शामिल है. इसके अलावा एक पावर बैंक भी बरामद किया गया है. बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बतायी गयी है.
रेल थाना सीवान में दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में रेल थाना सीवान में कांड संख्या 149/26 के तहत धारा 317(5) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
संयुक्त कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में आरपीएफ के उपनिरीक्षक जयेन्द्र कुमार मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र पाण्डेय, ओम प्रकाश मिश्रा, विनोद कुमार वर्मा, विजय कुमार यादव और नीरज कुमार पाण्डेय शामिल रहे.
