Siwan job camp: जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, सीवान की ओर से जॉब कैंप का आयोजन किया जायेगा. युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस जॉब कैंप में इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर नियोजक के प्रतिनिधियों के समक्ष सीधे साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे. जॉब कैंप का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जायेगा.
7 सितंबर को रिलायंस रिटेल में भर्ती
7 सितंबर को स्मार्ट बाजार, सीवान में रिलायंस रिटेल लिमिटेड की ओर से कस्टमर सर्विस एसोसिएट के पद पर भर्ती की जायेगी. चयनित अभ्यर्थियों को 11 हजार रुपये तक वेतन के साथ इंसेंटिव और कमीशन का लाभ मिलेगा. अभ्यर्थियों का चयन फेस-टू-फेस इंटरव्यू के माध्यम से किया जायेगा.
बड़हरिया और रघुनाथपुर में फील्ड जॉब का मौका
10 सितंबर को बड़हरिया ब्लॉक परिसर तथा 11 सितंबर को रघुनाथपुर ब्लॉक परिसर में नेतांबीट वैल्यू सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भर्ती की जायेगी.
कंपनी द्वारा एबीडी, जेडटीई एवं मर्चेन्ट एग्जीक्यूटिव के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा. सभी पद फील्ड जॉब से संबंधित हैं. चयनित अभ्यर्थियों को 13 हजार से 15 हजार रुपये तक वेतन के साथ इंसेंटिव और कमीशन दिया जायेगा.
10+2 पास और 18 से 35 वर्ष आयु जरूरी
दोनों नियोजकों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 उत्तीर्ण निर्धारित की गयी है. अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयन फेस-टू-फेस इंटरव्यू के माध्यम से किया जायेगा.
ये दस्तावेज साथ लाना होगा
जॉब कैंप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा या रिज्यूम की दो प्रतियां, आधार कार्ड और पैन कार्ड लाना अनिवार्य है.
जिला नियोजनालय ने युवाओं से की अपील
जिला नियोजनालय ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठायें.
