सीवान के हसनपुरा में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का धरना, 26 हजार मानदेय समेत 12 मांगें उठाईं

Anganwadi Worker: आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हसनपुरा में एक दिवसीय धरना दिया. उन्होंने 26 हजार रुपये मासिक मानदेय, वर्ग-3 का दर्जा और छह माह से लंबित भुगतान की मांग उठाई. सेविकाओं ने अपनी 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा.

Anganwadi Worker: आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को हसनपुरा में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. धरना की अध्यक्षता यूनियन की प्रखंड अध्यक्ष विद्यावती कुशवाहा ने की. इस दौरान सेविका-सहायिकाओं ने सरकार से अपनी मांगों पर शीघ्र पहल करने की मांग की. धरना समाप्त होने के बाद प्रतिनिधिमंडल की ओर से आईसीडीएस कार्यालय हसनपुरा को 12 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया.

सेविका को वर्ग-3 और सहायिका को वर्ग-4 का दर्जा देने की मांग

ज्ञापन में आंगनबाड़ी सेविका को वर्ग-3 तथा सहायिका को वर्ग-4 का सरकारी कर्मी घोषित करने की मांग की गयी है. साथ ही सरकारी कर्मी घोषित किये जाने तक सेविका को 26 हजार रुपये और सहायिका को 18 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की मांग रखी गयी.

सेविका-सहायिकाओं ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में ग्रेच्युटी का भुगतान करने की भी मांग की. इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद 10 लाख रुपये एकमुश्त अथवा 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग की गयी.

छह माह से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग

धरना के दौरान सेविका-सहायिकाओं ने छह माह से लंबित मानदेय का भुगतान जल्द करने की मांग उठायी. उनका कहना था कि लंबे समय से मानदेय लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

5जी मोबाइल और रिचार्ज की राशि देने की मांग

ज्ञापन में सेविकाओं ने 5जी मोबाइल और उसके रिचार्ज के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग की. इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए जरूरी बर्तन की राशि सेविकाओं के खाते में उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गयी.

पोषाक की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग

सेविकाओं ने आरोप लगाया कि जीविका की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों के उपयोग के लिए परियोजना कार्यालय को उपलब्ध कराये गये पोषाक की गुणवत्ता, साइज और सिलाई निम्न स्तर की है. उन्होंने मामले की जांच कर सही गुणवत्ता, उपयुक्त साइज और बेहतर सिलाई वाले पोषाक उपलब्ध कराने की मांग की.

बाजार दर के अनुसार पोषाहार राशि देने की मांग

धरना के दौरान बाजार मूल्य के अनुसार पोषाहार राशि का भुगतान करने की मांग भी उठायी गयी. इसके साथ ही तमिलनाडु की व्यवस्था का हवाला देते हुए लाभार्थियों को एक माह का अग्रिम पोषाहार उपलब्ध कराने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों को एक माह के लिए बंद कर ग्रीष्म अवकाश लागू करने की मांग की गयी.

इन लोगों की रही मौजूदगी

धरना में मुख्य रूप से शिवकुमारी देवी, मीना देवी, ममता देवी, उषा देवी, संगीता देवी, गंगा देवी, राजकुमारी, संजू, सुनीता, शीला, नीलम पांडे, तफज्जुल बेगम सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका उपस्थित रहीं.

इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उमाशंकर राम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >