Siwan Firing Case: सिवान के जेपी चौक के पास 25 जुलाई को प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम को अचानक चारों तरफ से घेर लिया. माहौल बिगड़ता देख और लोगों के साथ-साथ सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए सिपाही अभिषेक कुमार ने राइफल का रुख ऊपर की ओर करके हवा में 4 राउंड गोलियां चलाईं. पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि इस हवाई फायरिंग के दौरान जेपी चौक पर मौजूद भीड़ में से कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ था.
हवाई फायरिंग करने वाला सिपाही निलंबित
घटना की पूरी जांच के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एक्शन लिया गया है. सिपाही अभिषेक कुमार को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. इसके साथ ही सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है, ताकि पूरी घटना के पीछे की लापरवाही या चूक की निष्पक्ष जांच की जा सके.
जेपी चौक से दूर मिली घायलों की लोकेशन
फायरिंग में तीन लोगों के जख्मी होने के दावों पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तीनों घायलों की लोकेशन जेपी चौक से काफी दूर थी. मो. आरिफ और आकाश कुमार हाफिज चौक के पास घायल हुए, जो जेपी चौक से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर है. तीसरा युवक बुलेट कुमार गौड़ ट्रैफिक थाना के पास जख्मी हालत में मिला, जिसकी दूरी जेपी चौक से करीब 2 किलोमीटर है.
घायलों की हालत खतरे से बाहर
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार तीनों जख्मी युवकों की हालत पूरी तरह स्थिर और खतरे से बाहर है. सिवान सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल भेजा गया था. डॉक्टरों की देखरेख के बाद मो. आरिफ को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पीड़ितों के बयान पर दर्ज हुई 3 अलग-अलग FIR
मामले की विस्तृत जांच के लिए तीनों घायलों के बयान के आधार पर सिवान नगर थाने में तीन अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं. बुलेट कुमार के बयान पर काण्ड संख्या 721/26 दर्ज की गई है. आकाश कुमार के बयान पर काण्ड संख्या 722/26 दर्ज हुई है, और मो. आरिफ कुरैशी के बयान पर काण्ड संख्या 723/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
इसे भी पढ़ें: क्या पुलिस प्रदर्शनकारियों पर चला सकती है AK-47? समझिए पूरी कानूनी प्रक्रिया
