Bijli Bill Sudhar: बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव के निर्देश पर सीवान जिले के दरौंदा फीडर में 17 से 22 अगस्त तक विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है. दरौंदा स्थित बिजली आपूर्ति कार्यालय में प्रत्येक दिन शिविर लगेगा. इसमें उपभोक्ता अपने बिजली बिल से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उसके त्वरित समाधान की कार्रवाई की जायेगी.
विभागीय अधिकारियों और कर्मियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का पारदर्शी और प्रभावी तरीके से समाधान करने का निर्देश दिया गया है. शिविर के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली बिल की गड़बड़ियों के समाधान के लिए कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है.
ऊर्जा सचिव के दौरे के बाद शुरू हुआ विशेष अभियान
बताया गया कि ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव के सीवान जिले के भ्रमण के दौरान विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी थी. समीक्षा के दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, कुटीर ज्योति योजना, लो-वोल्टेज की समस्या, कृषि फीडर, औद्योगिक विद्युत कनेक्शन और बिजली बिल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई.
इसके बाद अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिये गये. इसी क्रम में दरौंदा फीडर में विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर लगाया जा रहा है.
गलत मीटर रीडिंग से लेकर ज्यादा बिल की होगी शिकायत
विशेष शिविर में उपभोक्ता गलत मीटर रीडिंग, वास्तविक खपत से अधिक बिजली बिल आने, औसत बिल जारी होने और सामान्य खपत की तुलना में अत्यधिक बिल आने जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे.
इसके अलावा बकाया राशि से जुड़ी परेशानी, उपभोक्ता के नाम या पते में त्रुटि, गलत टैरिफ लगाये जाने और बिजली विपत्र में किसी अन्य प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत भी शिविर में दर्ज करायी जा सकेगी.
विभागीय कर्मी करेंगे बिल की जांच
उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की ओर से आयोजित इस शिविर में विभागीय कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच की जायेगी. जांच के बाद नियमानुसार बिजली बिल में सुधार की कार्रवाई की जायेगी.
विभाग का उद्देश्य बिल से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के साथ उपभोक्ता सेवा को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाना है.
22 अगस्त तक मिलेगा शिकायत दर्ज कराने का मौका
दरौंदा स्थित बिजली आपूर्ति कार्यालय में 17 से 22 अगस्त तक प्रत्येक दिन विशेष शिविर आयोजित किया जायेगा. उपभोक्ता इस दौरान अपनी बिजली बिल संबंधी समस्या लेकर पहुंच सकते हैं.
दरौंदा जेई दीपक कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विशेष शिविर का लाभ उठायें और बिजली बिल में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका समाधान करायें.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
