Cyber Awareness Campaign: जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अब प्रत्येक मंगलवार को ‘साइबर मंगलवार’ का आयोजन किया जायेगा. इसके तहत जिले के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जायेगी.
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा साइबर जागरूकता अभियान
‘साइबर मंगलवार’ अभियान के तहत थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विद्यालयों और महाविद्यालयों को चिन्हित करेंगे. इसके बाद संबंधित शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जायेगा. पुलिस की ओर से बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के नये तरीकों के बारे में जानकारी दी जायेगी.
फर्जी कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहने की सलाह
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध मैसेज, लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध और बैंकिंग फ्रॉड के बारे में बताया जायेगा. उन्हें सलाह दी जायेगी कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल पर आये किसी संदिग्ध लिंक को क्लिक नहीं करें.
पुलिस विद्यार्थियों को यह भी समझायेगी कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाता संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए.
सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी जोर
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने के बारे में भी जानकारी दी जायेगी. साइबर अपराधियों द्वारा अपनाये जा रहे नये तरीकों से सावधान रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की जायेगी.
विद्यार्थियों को बताया जायेगा कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज करानी चाहिए. साइबर अपराध के पीड़ितों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जायेगी.
जागरूकता से ही साइबर अपराध पर लगेगा अंकुश
साइबर अपराध के मामले लगातार सामने आने के बीच पुलिस का मानना है कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर जागरूकता बढ़ाने से विद्यार्थी ऑनलाइन ठगी के प्रति अधिक सतर्क होंगे. इसके साथ ही विद्यार्थी अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक कर सकेंगे.
‘साइबर मंगलवार’ अभियान के माध्यम से जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने पर विशेष जोर दिया जायेगा.
बोले डीएसपी
“प्रत्येक मंगलवार को साइबर मंगलवार का आयोजन किया जायेगा. इसमें थानाध्यक्ष अपने थाना क्षेत्र में प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग विद्यालय को चिन्हित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करेंगे.”
निशिकांत भारती, साइबर डीएसपी, सीवान
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
