सीवान में बेटी की शादी से पहले चोरों ने मचाई तबाही, जेवर, साड़ियां और नकदी समेत 20 लाख की संपत्ति उड़ाई

Siwan News: सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र में बेटी की शादी की तैयारी कर रहे परिवार के घर चोरों ने धावा बोल दिया. जेवर, साड़ियां, नकदी समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई.

सीवान के बड़हरिया से आनंद मिश्र की रिपोर्ट
Siwan Crime News: सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के हलीम टोला के उमेश प्रसाद के घर को रविवार की रात में निशाना बनाते हुए चोरों ने नगदी, साड़ी, जेवरात सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली. बताया जाता है कि उमेश प्रसाद के परिजन लाइन कटने पर करीब 12 बजे रात में छत पर जाकर सो गए थे. उसके बाद ही चोर पीछे स्थित शौचालय के सहारे घर की छत पर चढ़ गए और सीढ़ियों से आंगन में उतर गए. फिर पूजा घर सहित पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाया. इस दौरान चोरों ने कमरों में रखे तीन आलमारी, पांच ट्रंक, 10 पेटी-बक्से और ट्रॉली बैग को तोड़ दिया और उसमें रखे सारे सामानों को चुरा लिया. यह चोरी की घटना रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की भोर तीन बजे के बीच हुई बताई जाती है.

नवंबर में होने वाली थी बेटी की शादी

विदित हो कि नवंबर महीने में उमेश प्रसाद की बेटी की शादी होने वाली है, जिसके मद्देनजर घर में लगातार सामान जुटाए जा रहे थे. चोरों ने सोने का दो मांगटीका, दो नथिया, चार मंगलसूत्र, नाक के आठ गहने, चार सोने की अंगूठी, दो सोने की चैन, नौ जोड़ा पायल, सात चांदी का लॉकेट, चार जोड़ा बिछिया, दो मेंहदीछाला, दो चोटी के साथ एक कान का झूमका, एक नया मंगलसूत्र, दो कान की बाली और दो नया नथिया, दो जोड़ा नया पायल आदि चुरा लिया, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जाती है. वहीं चोरों ने शादी के लिए खरीदकर रखी गई 20 नई साड़ियां, 15 बेडशीट, चार कीमती घड़ियां और 25 हजार रुपये नगद भी चुरा लिए.

भोर में तीन बजे हुआ घटना का खुलासा

परिजनों को चोरी की इस घटना का पता सोमवार की भोर तीन बजे उस वक्त चला जब उनकी बेटी वॉश रूम जाने के लिए छत से नीचे आई. उसने नीचे कमरे और आंगन में सारे सामान बिखरे देखे तो शोर मचाकर परिजनों को जगाया. छानबीन के दौरान पता चला कि चोरों ने सारे गहनों के खाली डिब्बों को घर से पश्चिमोत्तर दिशा में स्थित एक बगीचे में फेंक दिया था. सुबह होते ही बगीचे के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. बेटी की शादी के लिए जुटाए गए सामानों के इस तरह चोरी हो जाने से पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

इधर गृहस्वामी और ग्रामीणों ने तत्काल इस बड़ी चोरी की घटना की खबर स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर चोरी की घटना का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. वहीं हलीम टोला के स्वर्गीय सर्वजीत प्रसाद के पुत्र और गृहस्वामी उमेश प्रसाद ने इस संबंध में बड़हरिया थाने में लिखित आवेदन दिया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है और चोरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की बात कही है.

Also Read: सीवान में 24 घंटे में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikas Jha

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >