सीवान के सत्यम कुमार ने NEET UG 2026 में 612 अंक हासिल कर रचा इतिहास, ऑल इंडिया रैंक 6692 के साथ बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

Siwan News: दरौली गांव के सत्यम कुमार ने NEET UG 2026 में 612 अंक लाकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उन्होंने मैट्रिक और इंटर में भी स्कूल टॉप किया था. उनकी इस सफलता ने ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल कायम की है.

Siwan News: दरौली प्रखंड के दरौली गांव निवासी एवं स्थानीय व्यवसायी संजय कुमार के पुत्र सत्यम कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2026 में 612 अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से गांव, परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है.

मैट्रिक और इंटर में भी रहे टॉपर

सत्यम कुमार शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं. उन्होंने श्याम लाल जैन हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज से मैट्रिक परीक्षा में 431 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया था. इसके बाद इंटरमीडिएट परीक्षा में 427 अंक लाकर भी विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया.

JEE Main के बाद NEET में भी शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सत्यम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. JEE Main 2026 के जनवरी सत्र में उन्होंने 97.4 पर्सेंटाइल हासिल किया. इसके बाद NEET (UG)-2026 में 612 अंक, ऑल इंडिया रैंक 6692, ओबीसी श्रेणी रैंक 2833 तथा 99.65 पर्सेंटाइल प्राप्त कर नई सफलता हासिल की.

बधाई देने वालों का लगा तांता

सफलता की खबर मिलते ही सत्यम के आवास पर शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों का तांता लग गया. परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणास्रोत

स्थानीय मुखिया लाल बहादुर ने कहा कि सत्यम कुमार ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते. कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है.

उन्होंने कहा कि सत्यम की सफलता ने न केवल दरौली गांव, बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है. उनकी उपलब्धि से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा वे भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगे.

Also Read : 7 घंटे बोरवेल में फंसा रहा पीयूष, एक आंसू भी नहीं बहाया, हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, हिम्मत ने जीत लिया सबका दिल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandra Prakash

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >