सीवान: डाकघर फ्रेंचाइजी योजना से बढ़ेगा स्वरोजगार, युवाओं को मिलेगा नया अवसर, 30% तक कमीशन भी

Post Office Franchise Scheme : चयनित आवेदकों को सुरक्षा निधि के रूप में 10 हजार रुपये का किसान विकास पत्र अथवा राष्ट्रीय बचत पत्र जमा करना होगा.

सीवान से मनीष गिरी की रिपोर्ट
Post Office Franchise Scheme : डाक विभाग ने फ्रेंचाइजी योजना शुरू की है. इसका उद्देश्य है कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आम लोगों तक डाक सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए योजना शुरू की है. पांच से लेकर तीस प्रतिशत तक कमीशन भी मिलेगा. इसके तहत इच्छुक व्यक्ति अपने क्षेत्र में डाकघर की फ्रेंचाइजी लेकर विभिन्न डाक सेवाओं का संचालन कर सकेंगे. विभाग का मानना है कि इस योजना से लोगों को घर के नजदीक डाक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

फ्रेंचाइजी के लिए कर सकते हैं आवेदन

अधीक्षक रेल डाक सेवा ‘यू’ मंडल मुजफ्फरपुर, डॉ. आशुतोष आदित्य के हवाले से रेल डाक सेवा सीवान के छटाई सहायक अविनाश कुमार ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों तक डाक सेवाएं पहुंचाना है, जहां विभाग द्वारा सीधे सेवाएं संचालित करना व्यावहारिक नहीं है. उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र भरकर फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर उसकी जांच की जाएगी तथा प्रस्तावित स्थल का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा. सभी मानकों को पूरा करने वाले आवेदकों को फ्रेंचाइजी की स्वीकृति प्रदान की जाएगी.

मुख्य डाकघर का नहीं लगाना होगा चक्कर

फ्रेंचाइजी प्राप्त होने के बाद संचालक स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक, पार्सल बुकिंग सहित अन्य डाक सेवाओं का संचालन कर सकेंगे. साथ ही अंतरराष्ट्रीय डाक सामग्री की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इससे स्थानीय लोगों को छोटी-छोटी डाक संबंधी जरूरतों के लिए मुख्य डाकघर या आरएमएस कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

10 हजार रुपये का केवीपी या एनएससी जमा करना होगा

विभाग के अनुसार अंतिम रूप से चयनित आवेदकों को सुरक्षा निधि के रूप में 10 हजार रुपये का किसान विकास पत्र (केवीपी) अथवा राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) जमा करना होगा. यह राशि जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षित रखी जाएगी.फ्रेंचाइजी संचालकों को उनके कार्य के आधार पर 5 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक कमीशन भी दिया जाएगा.

डाक विभाग ने युवाओं और उद्यमियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.

ग्रामीण क्षेत्रों को होगा सबसे अधिक लाभ

इस योजना का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों, छोटे व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा नौकरी के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को मिलेगा. अब उन्हें स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री या पार्सल भेजने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.उनके क्षेत्र में ही ये सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. फ्रेंचाइजी लेने के इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में रेल डाक सेवा, सीवान कार्यालय पहुंचकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं से आधिकारिक आवेदन पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा.आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.