प्रतिनिधि, सीवान. सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश और करीब आधे घंटे तक चली ओलावृष्टि ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी तथा जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया तेज बारिश, ओले और तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ व डालियां टूटकर गिर गईं, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में भारी जलजमाव से लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी. बारिश के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा.शहर के जेपी चौक से महादेवा जाने वाले मुख्य मार्ग पर पुरानी जेल के समीप एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया.जिससे इस व्यस्त मार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा. पेड़ गिरने के दौरान बिजली के तार भी टूट गए. जिससे आसपास के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई. इसके साथ ही निजी कंपनियों का इंटरनेट नेटवर्क भी बाधित हो गया. जिससे ऑनलाइन कार्य करने वाले लोगों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश और ओलावृष्टि के दौरान कई इलाकों में अफरातफरी का माहौल बना रहा. अचानक तेज बारिश के साथ ओले गिरने से लोग दुकानों, छज्जों और सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. सड़क पर चल रहे वाहन चालक भी जहां-तहां रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते रहे. कई जगहों पर छोटे पेड़-पौधे और फसलों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है.बारिश के बाद शहर के कई मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. राजेंद्र पथ, बड़हरिया मोड़, नगर परिषद कार्यालय के सामने, डीआरडीए कार्यालय के सामने, मखदूम सराय, छपरा रोड, बिजली ऑफिस के समीप, थाना रोड, महादेवा, स्टेशन रोड, लक्ष्मीपुर सिसवन ढाला के पास तथा पुरानी किला क्षेत्र सहित अन्य कई इलाकों में घंटों तक पानी जमा रहा.कई स्थानों पर नालों की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी बाधित रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.जलजमाव के कारण राहगीरों, बच्चों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा. व्यापारिक क्षेत्रों में जलजमाव के कारण दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ा.स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा नालों की समय पर सफाई नहीं कराए जाने के कारण हर बारिश में शहर की यही स्थिति हो जाती है. लोगों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही यदि शहर की सड़कें डूब जाती हैं, तो यह नगर परिषद की तैयारियों और जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.
बारिश व ओलावृष्टि से लोग परेशान
सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश और करीब आधे घंटे तक चली ओलावृष्टि ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी तथा जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया तेज बारिश, ओले और तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ व डालियां टूटकर गिर गईं, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में भारी जलजमाव से लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.
