Siwan pacs cmr payment: किसानों से धान खरीदने के बाद बिहार राज्य खाद्य निगम को सीएमआर चावल उपलब्ध कराने के बावजूद पैक्सों को अब तक राशि नहीं मिलने से समितियों की परेशानी बढ़ गयी है. पैक्स अध्यक्षों का कहना है कि भुगतान में देरी के कारण बैंक ऋण पर ब्याज का बोझ बढ़ रहा है और समितियों की पूंजी फंसी हुई है. गुरुवार को शहर के पत्रकार भवन में पैक्स एवं व्यापार मंडल संघ की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गयी.
10 दिनों में भुगतान का मिला आश्वासन
सीवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सीएमआर की बकाया राशि के भुगतान को लेकर विभागीय स्तर पर बातचीत हुई है. वहां से 10 दिनों के अंदर राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है. उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित अवधि में राशि नहीं आती है तो आगे की रणनीति तय की जाएगी.
उन्होंने बताया कि सरकार के स्तर पर पैक्स समितियों को चार माह के ब्याज में छूट देने की मांग भी रखी गयी है.
15 सितंबर तक भुगतान नहीं तो धरना
संघ के अध्यक्ष राज किशोर सिंह राजू ने कहा कि 15 सितंबर तक बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ तो सभी पैक्स अध्यक्ष एकजुट होकर समाहरणालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे. इस दौरान जिलाधिकारी से शिष्टमंडल मिलकर मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपेगा.
उन्होंने कहा कि भुगतान में लगातार देरी होने से पैक्सों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और समितियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ पड़ रहा है.
धान खरीद के लिए लिया था बैंक ऋण
बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि किसानों से धान खरीदने के लिए समितियों ने बैंक से ऋण लेकर राशि लगायी थी. धान से तैयार सीएमआर चावल बिहार राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण पैक्सों की पूंजी फंसी हुई है. दूसरी ओर बैंक ऋण पर ब्याज बढ़ता जा रहा है.
पैक्स अध्यक्षों ने बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की, ताकि समितियों पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव कम हो सके.
दिवंगत पैक्स अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि
बैठक से पहले पैक्स अध्यक्ष सहोदर राय के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता सीवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन संघ के अध्यक्ष राज किशोर सिंह राजू ने किया. उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की.
निधन की स्थिति में आर्थिक सहायता के लिए कोष बनाने की मांग
पैक्स अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी ने कहा कि किसी पैक्स अध्यक्ष या प्रबंधक के निधन की स्थिति में संघ की ओर से उनके परिजनों को आर्थिक मदद मिलनी चाहिए. इसके लिए जिला स्तर पर एक कोष बनाया जाना चाहिए, ताकि जरूरत के समय दिवंगत अध्यक्ष या प्रबंधक के परिवार की सहायता की जा सके.
बैठक में बैंक के उपाध्यक्ष नागेंद्र मिश्रा, निदेशक मंडल के सदस्य अजय कुमार तिवारी, राजेंद्र सिंह, पशुपतिनाथ सिंह, हरिकिशोर तिवारी, जगलाल यादव, अवध किशोर तिवारी, अमरेश गौतम, बृज किशोर यादव, बालेश्वर राय, हृदयानंद पांडे, राजू यादव, अमित सिंह, दिनेश यादव, प्रदीप कुमार, शशि भूषण सिंह, अखिलेश्वर राय, बबलू दुबे, प्रेम शंकर राय, साहब राय, कौशल सिंह, प्रकाश सिंह, हरे बहादुर सिंह और उत्तम ठाकुर मौजूद रहे.
