Saryu River Newborn baby girl : सीवान के दरौली थाना क्षेत्र के डुमरहर गांव में सोमवार शाम सरयू नदी के किनारे एक नवजात बच्ची जिंदगी और मौत के बीच मिली. बच्ची पानी के किनारे छटपटा रही थी और उसके शरीर पर पानी में मौजूद कीड़ों के काटने के निशान थे. इसी दौरान वहां पहुंची एक महिला ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर बच्ची को बाहर निकाला. प्राथमिक उपचार के बाद नवजात को सीवान सदर अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया है.
सरयू के किनारे पानी में छटपटा रही थी नवजात
सोमवार शाम डुमरहर गांव निवासी संजय कुमार की पत्नी टहलते हुए सरयू नदी के किनारे पहुंचीं. इसी दौरान उनकी नजर पानी में छटपटा रही एक नवजात बच्ची पर पड़ी. बच्ची को इस हालत में देखकर महिला ने तुरंत उसे बचाने का फैसला किया.
महिला ने बचाई जान
महिला बिना देर किए नदी के किनारे से नवजात बच्ची को बाहर निकाला. बच्ची को बाहर निकालने के बाद उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.
नाल लगी होने से सामने आया चौंकाने वाला तथ्य
बच्ची को पानी से बाहर निकालने वाली महिला के मुताबिक, जब उन्होंने नवजात को बाहर निकाला तो उसकी नाल भी लगी हुई थी. इससे आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को जन्म के तुरंत बाद ही वहां छोड़ दिया गया होगा. हालांकि, बच्ची को किसने और किन परिस्थितियों में नदी किनारे छोड़ा, यह जांच का विषय है.
शरीर के कई हिस्सों पर कीड़ों के काटने के निशान
नवजात को पहले दरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर किया गया. बच्ची को एसएनसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है.
डॉक्टर ने बताया, फिलहाल खतरे से बाहर
सदर अस्पताल में बच्ची का इलाज कर रहे डॉ. उमेश कुमार के अनुसार पानी में मौजूद कीड़ों ने बच्ची के शरीर के कई हिस्सों को काटकर जख्मी कर दिया है. हालांकि, फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को नदी किनारे किसने छोड़ा और इसके पीछे क्या वजह थी. बच्ची की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने की दिशा में भी जांच की जा रही है.
एक महिला की पहल से बची नन्ही जान
सरयू नदी के किनारे अगर समय रहते महिला की नजर बच्ची पर नहीं पड़ती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. महिला ने बच्ची को पानी से बाहर निकालकर तत्काल इलाज की ओर कदम बढ़ाया. फिलहाल अस्पताल में चिकित्सक नवजात की हालत पर नजर बनाए हुए हैं.
Also Read :
