जेपीयू स्नातक नामांकन : 10 जून तक आवेदन करें, 22 जून को प्रथम मेधा सूची का प्रकाशन

Saran News : स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है. आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा.

Saran News : (प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट)

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है. इच्छुक छात्र-छात्राएं 10 जून तक आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन शुरू करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी तैयार रखें, ताकि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं. हालांकि, कई छात्र-छात्राएं अधूरे दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं, जिससे उन्हें फॉर्म भरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और बार-बार साइबर कैफे का चक्कर लगाना पड़ रहा है.

आवेदन से पहले ये दस्तावेज रखें तैयार

विश्वविद्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले निम्नलिखित दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपने मोबाइल या कंप्यूटर में सुरक्षित रखनी चाहिए. हाल का पासपोर्ट साइज फोटो, स्कैन किया हस्ताक्षर, आधार कार्ड, 10वीं और 12वीं की अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, माइग्रेशन प्रमाणपत्र और कॉलेज लीविंग सर्टिफिकेट (सीएलसी) आवेदन के समय लगेंगे.

आवेदन करते समय बरतें विशेष सावधानी

छात्र कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन फॉर्म में नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, श्रेणी, प्राप्तांक, विषय चयन, कार्यक्रम वरीयता और कॉलेज वरीयता जैसी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें. किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर मेधा सूची में नाम आने या नामांकन प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है.

आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया

स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है. आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा.

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी फॉर्म का सत्यापन किया जाएगा. इसके पश्चात 22 जून को प्रथम मेधा सूची प्रकाशित की जाएगी और 23 जून से संबंधित कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी.

Also Read :  जेपीयू में नए सत्र से शैक्षणिक माहौल सुधार पर जोर, स्मार्ट क्लास और ड्रेस कोड होंगे लागू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >