Siwan News : 10 जनवरी से शुरू होगी इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा, प्रवेश पत्र जारी

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की प्रायोगिक परीक्षा को लेकर निर्देश जारी कर दिया है.

सीवान. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की प्रायोगिक परीक्षा को लेकर निर्देश जारी कर दिया है. जानकारी के अनुसार प्रायोगिक परीक्षा 10 से 20 जनवरी तक आयोजित की जायेगी. इसके लिए जिले के छात्र-छात्राओं ने तैयारी शुरू कर दी है. बिहार बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षा के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिये हैं. प्रवेश पत्र अधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किये गये हैं और यह नौ जनवरी तक उपलब्ध रहेंगे. परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपना प्रवेश पत्र अपने-अपने शिक्षण संस्थान के प्रधान से प्राप्त करें. यह प्रवेश पत्र केवल प्रायोगिक परीक्षा के लिए मान्य होगा, जबकि सैद्धांतिक परीक्षा के लिए अलग एडमिट कार्ड जारी किया जायेगा. समिति ने स्पष्ट किया है कि सेंटअप परीक्षा में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का ही प्रवेश पत्र जारी किया गया है. जिन संस्थानों ने सेंटअप परीक्षा का परिणाम समिति को नहीं भेजा है, उनके छात्रों का प्रवेश पत्र परिणाम प्राप्त होने के बाद ही जारी होगा. सेंटअप परीक्षा में अनुपस्थित या असफल छात्रों का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जायेगा. इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए कुल 52,952 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है. इनमें 25,208 छात्र, 27,742 छात्राएं और दो मंगलामुखी परीक्षार्थी शामिल हैं. बोर्ड ने परीक्षार्थियों से अनुरोध किया है कि वे प्रवेश पत्र लेकर समय पर प्रायोगिक परीक्षा में भाग लें और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAH ABID HUSSAIN

SHAH ABID HUSSAIN is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >