Siwan News : जिले के लकड़ी नवीगंज प्रखंड के उजैना गांव में शुक्रवार की रात 22 वर्षीय युवक की हत्या कर उसका शव गांव के चंवर में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान उजैना गांव निवासी भरत मांझी के 22 वर्षीय पुत्र मनु पासवान के रूप में हुई है.
मनु राजमिस्त्री का काम करता था
परिजनों के अनुसार, मनु पासवान बाहर रहकर राजमिस्त्री का काम करता था और करीब 25 दिन पहले ही घर लौटा था. शुक्रवार की शाम करीब चार बजे गांव का ही उसका एक दोस्त बाइक से उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया. देर रात करीब 10 बजे गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि मनु गांव के चंवर में बेहोशी की हालत में पड़ा है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मनु मृत अवस्था में मिला. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने मनु की करंट लगाकर हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को चंवर में फेंक दिया. उनका कहना है कि शव पर मामूली कट का निशान भी मिला है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में फटा दूध खाने से एक ही परिवार के 10 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, सदर अस्पताल में भर्ती
