Gold chain stolen in Barharia: बड़हरिया बाजार स्थित थाना चौक पर शनिवार की शाम शिक्षामंत्री मिथिलेश तिवारी को लड्डुओं से तौलने के कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोर ने एक व्यक्ति के गले से करीब चार लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी कर ली. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गयी. आसपास के लोगों ने चोर की तलाश में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के सुरहियां गांव निवासी 70 वर्षीय दीनानाथ गिरि शिक्षामंत्री के समर्थक के रूप में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद थे. इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक पीछे से उनके पास पहुंचा और उनके गले में पहनी करीब 22 ग्राम वजन की सोने की चेन खींचकर मौके से फरार हो गया.
बाजार में चोरी गयी सोने की चेन की कीमत करीब चार लाख रुपये बतायी जा रही है. चेन चोरी होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित और आसपास मौजूद लोगों ने चोर की तलाश शुरू कर दी. कार्यक्रम स्थल के आसपास और बाजार में काफी देर तक खोजबीन की गयी, लेकिन चोर का पता नहीं चल सका.
कार्यक्रम में लगे कैमरे में कैद हुई चोर की तस्वीर
बताया जाता है कि चेन चोरी की पूरी घटना कार्यक्रम स्थल पर लगे कैमरे में कैद हो गयी है. फुटेज में संदिग्ध युवक की तस्वीर स्पष्ट रूप से दिखाई देने की बात सामने आ रही है. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है.
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि वीडियो फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सकेगा.
पीड़ित के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना को लेकर पीड़ित दीनानाथ गिरि ने बड़हरिया थाने में लिखित आवेदन दिया है. उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने थाना कांड संख्या 343/26 के तहत चोरी की प्राथमिकी दर्ज की है.
मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और पुलिस कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है.
जल्द गिरफ्तारी का दावा
बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. कार्यक्रम के वीडियो फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
