ड्राइवरों ने अपनी मांगों को लेकर निकाला मार्च

सोमवार को डाइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार की जिला इकाई की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नागेंद्र कुमार शाह ने की. इस दौरान शहर के तरवारा मोड़ से ड्राइवरों ने अपनी मांगों के समर्थन में मार्च निकाला.

प्रतिनिधि,सीवान. सोमवार को डाइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार की जिला इकाई की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नागेंद्र कुमार शाह ने की. इस दौरान शहर के तरवारा मोड़ से ड्राइवरों ने अपनी मांगों के समर्थन में मार्च निकाला. मार्च तरवारा मोड़ से शुरू होकर छपरा रोड, फतेहपुर बाईपास मोड़, बबनिया मोड़, अस्पताल मोड़, राजेंद्र पथ, जेपी चौक और पटेल चौक होते हुए गोपालगंज मोड़ पहुंचा. इसके बाद अंबेडकर पार्क में ड्राइवरों ने शांतिपूर्ण धरना दिया और सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं. इस दौरान बड़ी संख्या में ड्राइवर मौजूद रहे और अपनी एकजुटता दिखायी. धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि ड्राइवर आज कई समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान पर्याप्त रूप से नहीं जा रहा है. उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कई बार ड्राइवरों की मौत हो जाती है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा या सुरक्षा नहीं मिल पाती. इसलिए ड्राइवरों की मौत को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके.उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की दस सूत्री मांगों में ड्राइवर आयोग का गठन, ड्राइवर वेलफेयर फंड की व्यवस्था, सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर 20 लाख रुपये मुआवजा, अपंगता पर 10 लाख रुपये सहायता और मुफ्त चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था शामिल है. इसके अलावा 60 वर्ष की आयु के बाद ड्राइवरों के लिए पेंशन योजना लागू करने, ड्राइवरों के बच्चों को उच्च शिक्षा में विशेष आरक्षण देने और गाड़ियों में सुरक्षा के लिए कैमरा लगाने की भी मांग की गई है.एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यह भी मांग की कि हर साल 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित किया जाए, ताकि उस दिन सभी ड्राइवर सम्मानपूर्वक अवकाश मना सकें. साथ ही ड्राइवरों को द्वितीय श्रेणी सैनिक की मान्यता देने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए हर सरकारी अस्पताल के आइसीयू में एक बेड ड्राइवरों के लिए आरक्षित करने की भी मांग उठायी गयी.धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सड़क पर कई बार ड्राइवरों के साथ मारपीट की घटनाएं भी होती हैं, इसलिए उनके लिए एक सख्त सुरक्षा कानून बनाया जाना चाहिए, जिससे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके.मौके पर जिला सचिव लक्षण देव महतो, जिला कोषाध्यक्ष अखिलेश कुमार राय, जिला संगठन मंत्री देवेंद्र यादव, सोना लाल यादव, अजय कुमार यादव, मनोज ठाकुर, अरुण कुमार पर्वत, अरविंद साह, राकेश मांझी, उमेश यादव, रवि कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रंजय मांझी और संतोष यादव सहित कई सदस्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPAK MISHRA

DEEPAK MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >