महावीरी मेला शुरू होने से पहले प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपना लिया है. मंगलवार की शाम आंदर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि मेला के दौरान आर्केस्ट्रा और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार, बीडीओ रवि कुमार एवं सीओ शुभम कुमार वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में महावीरी मेला को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये. अधिकारियों ने समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
जुलूस में नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने कहा कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति अथवा उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का हर हाल में पालन करना होगा. प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से मेला के दौरान शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाये रखने की अपील की गयी.
सोशल मीडिया की अफवाहों पर न दें ध्यान
बैठक में अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलायी जाने वाली भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास नहीं करें.
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने को कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
भीड़ और यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा
महावीरी मेला के दौरान भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गयी. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर दिया गया.
अधिकारियों ने मेला समिति के सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की.
ये लोग रहे मौजूद
बैठक में एसआई टुनटुन कुमार, पूर्व एमएलसी परमात्मा राम, विद्युत जेई राजीव रंजन, कांग्रेस नेता विभूति शरण सिंह, कुंजबिहारी सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अंकित कुमार, मनोज कुमार सिंह, लक्ष्मण पासवान समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
