Flood in Bihar : लगातार हो रही बारिश से बढ़ रहा जल स्तर, कटाव के खतरे से विभाग सतर्क

नेपाल में घमसान बारिश का असर गंडक नदी में दिख रहा है. जलग्रहण वाले क्षेत्रों से चैनलाइज कर पानी नदी में छोड़े जाने से गंडक नदी का रौद्र रूप धारण करने की ओर है. बाढ़ग्रस्त इलाके के गांवों में फिर से पानी बढ़ने लगा है. अभी गांवों में और पानी के बढ़ने की आशंका है.

गोपालगंज : गंडक नदी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है. नतीजा है कि बाढ़ग्रस्त इलाकों में 10 से 12 सेमी पानी बढ़ गया है. नदी का जल स्तर सुबह से लगातार बढ़ता जा रहा था. जल स्तर के दो लाख के पार होने के आसार हैं. विभाग की तरफ से अलर्ट आने के बाद कालामटिहनियां के पास नदी का सीधा बांध से टकराने के कारण यहां संवेदनशील प्वाइंट बन गया है. नदी की गतिविधि पर कार्यपालक अभियंता महेश्वर शर्मा तो पतहरा कार्यपालक अभियंता नवलकिशोर सिंह नजर रख रहे हैं.

सिर छुपाने के लिए भी संकट

उधर, मंगलवार की शाम से ही लगातार बारिश होने से पीड़ितों की दशा खराब होने लगी है. सिर छुपाने के लिए भी संकट है. बाढ़ से 3.82 लाख की आबादी संकट में है. लोगों के घरों में पानी तेजी से बढ़ने लगा है. पिछले 20 दिनों से बाढ़ की त्रासदी झेल रहे ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है. लोगों के पैर सड़ने लगे हैं. गांवों में चारों तरफ तबाही का मंजर है. गांवों में स्थिति है कि जो जा रहा उसे आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है. सामाजिक संगठनों की ओर से पहुंचायी गयी राहत ही एक मात्र सहारा है. सर्वाधिक तबाही मांझा, बरौली, सिधवलिया तथा बैकुंठपुर पंचायतों में है. यहां की स्थिति भयावह है. घरों में चूल्हा-चौका पानी में बह चुका है. अधिकतर लोगों के किचेन में पानी लगा है.

वाल्मीकिनगर बराज से डिस्चार्ज

सुबह 6.00 बजे -1.59 लाख क्यूसेक

दोपहर 12 बजे- 1.77 लाख क्यूसेक

दोपहर दो बजे- 1.78 लाख क्यूसेक

शाम चार बजे- 1.84 लाख क्यूसेक

शाम पांच बजे 1.86 लाख क्यूसेक

जिले के प्रमुख स्थलों पर नदी की स्थिति

विशंभरपुर- 82 सेमी

पतहरा- 78 सेमी

डुमरिया- 44 सेमी

प्यारेपुर- 38 सेमी

बाढ़ का सरकारी आंकड़ा

पूर्ण प्रभावित पंचायत- 25

आंशिक प्रभावित पंचायत- 41

पांच प्रखंड- 274 गांव

बाढ़पीड़ितों की संख्या-382015

घरों से निकाले गये- 190039

कम्युनिटी किचेन कार्यरत- 82 में 41 हजार लोग खा रहे खाना

राहत केंद्र 02 में 435 लोग

एनडीआरएफ की टीम- 03

एसडीआरएफ की टीम-01

पीड़ित परिवारों को दिया गया मुआवजा-61100

गंडक नदी का इन गांवों में तेजी से बढ़ रहा पानी

सदर प्रखंड के धर्मपुर, टेगराही, निरंजना, कठघरवां, मेहंदिया, जगीरीटोला, रामनगर मांझा के माघी, मुंगरहा, पुरैना समेत 16 गांव, कुचायकोट के भसही, सिपाया वार्ड नं तीन, कालामटिहनियां के वार्ड नं तीन, सिपाया खास के वार्ड नं सात, फुलवरिया, धूप सागर, बरौली प्रखंड के प्रखंड के कहला पंचायत में कहला गांव का अधिकतर क्षेत्र, नगर पंचायत का सुरवल, जाफर टोला, सरेया नरेन्द्र पंचायत का नेउरी, परसा, महम्मदपुर निलामी पंचायत के निलामी, जद्दी, टूरी, मरवट, मटियारा, विशुनपुरा पंचायत का कुतुलपुर, पंडितपुर, बघेजी पंचायत का रामपुर, बलहां, खजुरिया पंचायत का खजुरिया बैकुंठपुर प्रखंड के बंगरा, बखरी, फैजुल्लाहपुर, गम्हारी, हमीदपुर, कतालपुर व प्यारेपुर पंचायत सिधविलया प्रखंड के सलेमपुर, सलेहपुर समेत कई गांवों में तबाही मची है.

posted by ashish jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >