सीवान में ऑनलाइन नौकरी के नाम पर साइबर ठगी से रहें सावधान, SP ने युवाओं को किया अलर्ट

सीवान पुलिस ने ऑनलाइन नौकरी के नाम पर हो रही साइबर ठगी के खिलाफ युवाओं को चेतावनी दी है. एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि कैसे साइबर अपराधी आकर्षक वेतन का झांसा देकर पैसे ठगते हैं. ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें.

online job fraud: ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर बढ़ रहे साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए सीवान पुलिस ने युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों को सतर्क किया है. एसपी पूरन कुमार झा ने युवाओं, नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों, कॉलेज छात्रों और आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन जॉब ऑफर के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध ई-मेल, मैसेज और लिंक पर भरोसा नहीं करें. किसी भी नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित कंपनी और उसके भर्ती पोर्टल की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें.

एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट, ई-मेल और मैसेज का इस्तेमाल कर रहे हैं. इन माध्यमों से आकर्षक वेतन और आसान नौकरी का झांसा दिया जाता है. इसके बाद ठग रजिस्ट्रेशन, इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन, ट्रेनिंग या नौकरी पक्की करने के नाम पर पैसे की मांग करते हैं.

कई मामलों में साइबर अपराधी नौकरी के नाम पर अभ्यर्थियों से बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, ओटीपी और अन्य निजी जानकारी भी हासिल कर लेते हैं. इसके बाद उनके बैंक खाते से रुपये की निकासी कर ली जाती है. एसपी ने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ऐसी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है.

नौकरी का ऑफर मिलने पर पहले करें जांच

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि किसी भी नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले कंपनी और उसके आधिकारिक जॉब पोर्टल की विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है. सरकारी नौकरी से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक सरकारी वेबसाइट, समाचार पत्रों और संबंधित विभाग के अधिकृत पोर्टल पर ही भरोसा करें.

वहीं निजी कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और उसकी भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए. किसी अनजान नंबर, ई-मेल या सोशल मीडिया अकाउंट से मिले जॉब ऑफर को बिना सत्यापन के स्वीकार नहीं करना चाहिए.

रजिस्ट्रेशन और इंटरव्यू के नाम पर पैसे मांगे तो रहें सावधान

पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से ऐसे जॉब ऑफर से सावधान रहने को कहा है, जिनमें नौकरी दिलाने से पहले पैसे की मांग की जाती है. यदि कोई व्यक्ति रजिस्ट्रेशन, इंटरव्यू, ट्रेनिंग, दस्तावेज सत्यापन या नौकरी पक्की करने के नाम पर एडवांस राशि मांगता है तो बिना जांच-पड़ताल के किसी खाते में पैसा नहीं भेजें.

सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऐसे विज्ञापनों से भी बचने की जरूरत है, जिनमें कम मेहनत में अधिक वेतन या घर बैठे आसान काम के बदले बड़ी कमाई का दावा किया जाता है. ऐसे ऑफर साइबर ठगी का माध्यम हो सकते हैं.

OTP और बैंक डिटेल किसी से साझा नहीं करें

एसपी ने कहा कि नौकरी के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करें. ई-मेल या व्हाट्सऐप पर आए किसी संदिग्ध लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक करने से भी बचें.

ऑनलाइन इंटरव्यू के दौरान कंपनी और इंटरव्यू लेने वाले व्यक्ति की पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए. किसी भी तरह का संदेह होने पर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध संपर्क माध्यम से इसकी पुष्टि की जा सकती है.

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन नौकरी के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराएं नहीं और तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं. इसके साथ ही संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना दें, ताकि खाते से निकली रकम को रोकने का प्रयास किया जा सके.

उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, रकम को रोकने या उसकी रिकवरी की संभावना उतनी ही बेहतर होगी. इसलिए ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने की स्थिति में समय गंवाए बिना तत्काल शिकायत करना बेहद जरूरी है.

नौकरी की तलाश में जल्दबाजी से बचें

एसपी ने कहा कि नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को जल्दबाजी और अधिक कमाई के लालच में किसी अनजान व्यक्ति, वेबसाइट या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा नहीं करना चाहिए. किसी भी जॉब ऑफर की सत्यता की जांच करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी करें.

उन्होंने कहा कि सतर्कता और समय पर शिकायत साइबर अपराध से बचाव के सबसे प्रभावी हथियार हैं. सीवान पुलिस की ओर से साइबर अपराध के प्रति लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि ऑनलाइन ठगी के मामलों को रोका जा सके.

Also Read: फुलवरिया की गलियों में साइकिल चलाते दिखे तेज प्रताप, गाय का दूध दुहा और निकाला गन्ने का जूस, पिता लालू को लेकर कही दिल की बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >