सीवान की 10 अपराजिताओं को किया गया सम्मानित

सूबे के लोकप्रिय अखबार प्रभात खबर द्वारा आयोजित अपराजिता सम्मान सह कवि सम्मेलन में मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में उच्चतम सोपान प्राप्त करने वाली दस महिलाओं को सम्मानित किया गया.

सीवान. सूबे के लोकप्रिय अखबार प्रभात खबर द्वारा आयोजित अपराजिता सम्मान सह कवि सम्मेलन में मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में उच्चतम सोपान प्राप्त करने वाली दस महिलाओं को सम्मानित किया गया. तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मुख्यालय स्थित आदर्श वीएम मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष संगीता यादव, विधायक अमरजीत कुश्वाहा, सीवान कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह, वास्तु बिहार के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र तिवारी व लोजपा के जिलाध्यक्ष महादेव पासवान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. बतौर मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष संगीता यादव ने प्रभात खबर के अपराजित सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि आधी आबादी के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए उन्हें मंच प्रदान करना अखबार की महिलाओं के प्रति सम्मान को दर्शाता है. घर की दहलीज लांधना, समाज में मुकाम स्थापित करन और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनना हमारे सिर को गर्व से उंचा कर रहा है. वहीं विशिष्ट अतिथि सीवान कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, ने कहा कि नारी शक्ति का कोई सानी नहीं है. घर व समाज के प्रति इनके कार्य की प्रशंसा करना सूर्य को दीपक दिखाने के समान है. जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह ने कहा कि आदिकाल से ही महिलाओं ने देश को गौरवान्वित किया है.पुरुषों को सफलता की सोपान तक पहुंचने में सदैव नारी शक्ति का श्रेय रहा है. वहीं लोजपा के जिलाध्यक्ष महादेव पासवान ने कहा कि आज हमें महिला सशक्तीकरण के लिए आवाहन करने की जरूरत है. इस तरह के कार्यक्रम प्रभात खबर निरंतर करता रहे. महिलाओं का सम्मान करने से पूरा समाज और देश सम्मानित होता है. यह एक सराहनीय पहल है. वास्तु बिहार के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि महिलाओं को सम्मान मिलने पर वह उत्साहित और प्रेरित होती है. इससे नि:स्वार्थ भाव और बेहतर तरीके से काम करने की इच्छा जागृत होती है. महिला के बेहतर कार्य को सराहते हुए उन्हें समाज में रोल मॉडल के रूप में स्थापित करना होगा. इससे बाकी महिलाएं भी प्रेरित होंगी. इससे समाज की दशा व दिशा बदलेगी.वहीं कार्यक्रम के दूसरे चरण में देश के नामचीन कवियों में शुमार दिनेश बावरा, शंभू शिखर, अशोक चारण व कवियत्री पद्मिनी शर्मा ने अपनी मौलिक रचनाओं की प्रस्तुति से दर्शकों में उत्साह का संचार करते हुए झूमने पर मजबूर कर दिया. वहीं सामाजिक सरोकार से जुड़े इस आयोजन को साकार रूप देने में प्रायोजकों ने भी अपनी अग्रणी भूमिका निभायी भी. इसमें वास्तु बिहार, श्याम साईं इंस्टीच्यूट ऑफ एजुकेशन के, शुभवंती इंस्टीच्यू ऑफ एजुकेशन, संघमित्रा पब्लिक स्कूल, अर्चना ज्वेलर्स, दक्ष बीएससी नर्सिग कॉलेज एंड हास्पीटल, डॉन बास्को स्कूल, जन सुराज पार्टी से जीरादेई विधानसभा के भावी प्रत्याशी मुन्न पांडे, मार्क हास्पीटल, गृह शोभा, राजेंद्र किशोरी रेसिडेंसियल स्कूल, दयानंद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, निम्स इंस्टीच्यूट, जैक मल्टी स्पेशलिटी हास्पीटल, गरीब हास्पीटल के सर्जन डॉ अशरफ अली, समाजसेवी कुलदीप सिंह, पचरूखी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि महावीर प्रसाद, सिटी मंटेसरी स्कूल, ए-वन मिल्क एटीएम व सीवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड सीवान शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >