Sonu Yadav Encounter: सीवान जिले में चर्चित हर्ष मर्डर केस को लेकर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. अब इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है. रविवार की सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है. सोनू यादव को इस हत्याकांड का प्रमुख आरोपी माना जा रहा था और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी.
छोटू यादव अस्पताल में भर्ती
सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस को उसके बारे में अहम सूचना मिली थी. इसके बाद कार्रवाई की गई. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसे ढेर कर दिया. इससे पहले इसी केस में एक अन्य आरोपी छोटू यादव को भी पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया था. उस दौरान छोटू यादव के पैर में गोली लगी थी और बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
मांझी ने इस अंदाज में दी चेतावनी
पुलिस की कार्रवाई पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अपराधियों पर बिहार के सम्राट की सख्त कार्रवाई जारी है. एक- एक अपराधियों का हिसाब होगा. अपराधी सुधर जाएं या फिर बिहार छोड़ दें.
मामला जानिये
सीवान में 29 अप्रैल को कथित रोडरेज के बाद भाजपा नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य मनोज कुमार सिंह के करीबी रिश्तेदारों पर हमला हुआ था. सड़क पर गाड़ी सटने के बाद दोनों पक्षों में बहस हुई थी. इसके बाद अपराधियों ने बीच सड़क पर भाजपा नेता के भांजे हर्ष सिंह और उनके बहनोई चंदन सिंह को गोली मार दी थी. इस घटना में हर्ष सिंह की मौत हो गई थी, जबकि चंदन सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे.
इस वारदात का वीडियो भी सामने आया था. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर तेजी से कार्रवाई का दबाव बढ़ा. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय जानकारी और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और एक-एक कर कार्रवाई शुरू की.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अपराधियों को सीधा संदेश
घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि अब मुख्य आरोपी सोनू यादव के मारे जाने के बाद इस केस में बड़ा मोड़ आ गया है. बिहार पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है.
सीवान की इस घटना ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर भी राजनीतिक माहौल गरमा दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है और बाकी जुड़े लोगों की तलाश भी जारी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट विस्तार का काउंटडाउन शुरू, राम कृपाल यादव बोले- अब और समय नहीं लगेगा
