Bihar Accident News: डुमरिया–पटना स्टेट हाईवे-69 पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. डुमरिया–इमामगंज मुख्य मार्ग पर रजकेल नदी के पास करीब रात 11 बजे एक सवारी वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
सुबह लोगों ने देखा हादसा, पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी रविवार सुबह मिली. जब स्थानीय लोगों ने नदी के नीचे गिरी वाहन को देखा. जिसके बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी. घटना की सुचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया.
वाहन में नहीं मिला कोई व्यक्ति
हैरानी की बात यह रही कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पास न तो कोई सवारी मिली और न ही चालक मौजूद था. आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. वाहन हरियाणा का बताया जा रहा. गाड़ी का नंबर हरियाणा का बताया जा रहा है. वहीं यह फोर्स कंपनी का है.
अस्पताल में भी नहीं मिला कोई घायल
घटना को लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भी जांच की गई. लेकिन वहां किसी भी घायल के इलाज की जानकारी की पुष्टि नहीं मिली. इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ.
पुल निर्माण में देरी बनी चिंता का कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि रजकेल नदी पर अब भी पुराने और संकरे पुल से ही आवागमन हो रहा है. स्टेट हाईवे निर्माण के दौरान नए पुल का निर्माण होना था. लेकिन अब तक यह कार्य अधूरा है. संकरे पुल के कारण यहां अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है. जिससे लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों ने उठाई नए पुल की मांग
इससे लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नए पुल का निर्माण पूरा करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए. तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
यह घटना एक बार फिर सड़क निर्माण में लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. फिलहाल पुलिस वाहन के मालिक और चालक का पता लगाने में जुटी हुई है.
