transformer shifting dispute: सीतामढ़ी जिले के पुपरी प्रखंड क्षेत्र के केशोपुर पूरा गांव के लोगों ने शनिवार को ट्रांसफार्मर को दूसरे स्थान पर लगाने और बिजली आपूर्ति चालू करने की मांग को लेकर विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालय पहुंचकर जोरदार हंगामा किया. ग्रामीणों के हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
Sitamarhi News: खेत में फसल और पानी होने के कारण हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशोपुर पूरा गांव में लगा पुराना ट्रांसफार्मर बीते दिनों जल गया था. विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर गांव में बदलाने के लिए भेजा गया था, लेकिन खेत में पूर्व से लगे ट्रांसफार्मर स्थल तक पानी और धान की फसल होने के कारण वाहन ले जाना मुश्किल था. फसल के नुकसान को देखते हुए ग्रामीणों ने वहां ट्रांसफार्मर रखने का विरोध किया, जिसके बाद उसे तत्काल बगल में रख दिया गया.
खेत मालिक और ग्रामीणों की मांग पर सहायक अभियंता ने लिया आवेदन
जिस खेत में पहले से ट्रांसफार्मर लगा था, उसके मालिक और आसपास के किसान ट्रांसफार्मर को वहां से हटाकर दूसरी जगह लगाने की मांग को लेकर दर्जनों ग्रामीणों के साथ कार्यालय पहुंच गए और हंगामा करने लगे. इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता धीरेंद्र कुमार धीरज ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर रख दिया गया है.
वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली चालू करने का आश्वासन
सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि किसी भी ट्रांसफार्मर के स्थान को बदलना एक निश्चित विभागीय प्रक्रिया के तहत होता है. ग्रामीणों से इस संबंध में लिखित आवेदन ले लिया गया है और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चालू की जा रही है.
यह भी पढ़ें...सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनपुर में मनाया गया सर्पदंश दिवस, बचाव और प्राथमिक उपचार के बताए गए उपाय
