Sitamarhi Crime: डुमरा थाना क्षेत्र के आजमगढ़ वार्ड संख्या-1 में चोरों ने एक घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में घर से करीब 5.26 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. शुक्रवार सुबह परिवार की नींद खुली तो घर का दरवाजा खुला मिला और पास के खेत में टूटे हुए बक्से व बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला.
सुबह जागने पर सामने आई चोरी की वारदात
पीड़ित सियाराम साह ने डुमरा थाना में दिए आवेदन में बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे. सुबह उठने पर देखा कि घर का दरवाजा खुला है. बाहर निकलने पर घर के बगल के खेत में पेटी, बक्सा, अटैची और बैग टूटे हुए पड़े थे तथा उनका सामान बिखरा हुआ था.
मजदूरी, बेटियों की बचत और भैंस बिक्री की रकम भी चोरी
पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे करीब 5.26 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. इसमें मजदूरी से बचाए गए 60 हजार रुपये, बेटी चंदा के 1.96 लाख रुपये, खुशबू के 70 हजार रुपये, भैंस और उसके बच्चे की बिक्री से मिले एक लाख रुपये सहित अन्य नकदी शामिल थी. यह राशि किराना दुकान के लिए सामान खरीदने के उद्देश्य से रखी गई थी.
सोने-चांदी के जेवरात भी ले गए चोर
चोरी गए सामान में चांदी की हंसुली, सोने का जितिया, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, सोने की हनुमानी, कान और नाक के आभूषण समेत कई कीमती जेवरात शामिल हैं. चोर बक्से और अटैची तोड़कर नकदी और गहने लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.
यह भी पढे़ं: नेपाल में बारिश के बाद सीतामढ़ी में बाढ़ का खतरा, तटबंधों का निरीक्षण
