Teacher Association News: प्रारंभिक शिक्षक कल्याण संघ बिहार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि रंजन सुमन और जदयू के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा के संयुक्त नेतृत्व में राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मिला. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के शिक्षकों की विभिन्न वर्षों से लंबित गंभीर समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा.
स्थानांतरण नियमावली और प्रोन्नति को लेकर दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि रंजन सुमन ने शिक्षा मंत्री का ध्यान शिक्षकों की प्रमुख व्यावहारिक समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया. उन्होंने 'बिहार स्थानांतरण नियमावली 2026' के तहत अधिशेष शिक्षकों के पारदर्शी पदस्थापन का मुद्दा उठाया. इसके अलावा, उन्होंने प्रधान शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण (म्यूचुअल ट्रांसफर) में विषय की बाध्यता को पूरी तरह समाप्त करने और स्नातक ग्रेड में समयबद्ध प्रोन्नति देकर अधिशेष शिक्षकों की कमी को दूर करने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया.
आश्रितों को 7 लाख अनुदान और बकाया वेतन भुगतान की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में शिक्षकों के सामाजिक और आर्थिक हित से जुड़ी कई अहम मांगें रखीं. संघ ने मांग की कि विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक, प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापक की सेवा काल में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 7 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान तत्काल दिया जाए.साथ ही, सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के आलोक में अप्रशिक्षित शिक्षकों के वर्षों से स्थगित पड़े वेतन का शीघ्र भुगतान करने और एससीइआरटी द्वारा ओडीएल (ODL) कोर्स के तहत आयोजित विशेष परीक्षा का परिणाम जल्द से जल्द जारी करने की जोरदार वकालत की गई.
बैठक में कई प्रमुख शिक्षक नेता रहे मौजूद
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के तिरहुत संगठन प्रभारी एजाज अहमद और सीतामढ़ी जिला कोषाध्यक्ष मो तनवीर अहमद सहित कई अन्य शिक्षक नेता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे
