सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
Sitamarhi Shubh Muhurat Dates 2026: मिथिला क्षेत्र के विभिन्न पंचांगों के अनुसार एक महीने से चल रहा मलमास (अधिक मास) समाप्त हो गया है. इसके साथ ही सीतामढ़ी सहित पूरे क्षेत्र में विवाह, जनेऊ, मुंडन, भूमि-पूजन और गृह-प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है. मलमास के दौरान मांगलिक कार्यों पर रोक थी, जिससे लोग शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे थे. आचार्य पंडित मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि आगामी 12 जुलाई तक शादियों और अन्य संस्कारों के लिए कई श्रेष्ठ मुहूर्त हैं.
पंचांग के अनुसार जानें विवाह, मुंडन और गृह-प्रवेश की शुभ तिथियां
- विवाह मुहूर्त: जून में 19, 24, 25 और जुलाई में 1, 2, 3, 6, 9 व 12 तारीख को शहनाइयां बजेंगी.
- यज्ञोपवीत (उपनयन): जून महीने की 19, 24 और 25 तारीख शुभ है.
- मुंडन संस्कार: जून में 17, 24, 25 और जुलाई में 1, 2, 3 व 15 तारीख तय हैं.
- भूमि-पूजन व गृह-प्रवेश: भूमि-पूजन के लिए जून में 25, 29 और जुलाई में 1 से 4 तक शुभ तिथियां हैं, जबकि गृह-प्रवेश के लिए जून में 24, 25, 26 और 27 तारीख श्रेष्ठ हैं.
जयमाला के समय पटाखों से बचें, स्वस्तिवाचन से करें मंगल कामना
आचार्य पंडित मुकेश कुमार मिश्र ने विवाह समारोहों में जयमाला के समय अत्यधिक पटाखे जलाने और शोर-शराबा करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि यह समय वर-वधू के सुखद दांपत्य जीवन के लिए मंगल कामना करने का होता है. उन्होंने सुझाव दिया कि इस अवसर पर किसी योग्य आचार्य द्वारा स्वस्तिवाचन पाठ कराया जाना चाहिए, जो भारतीय वैदिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. मलमास खत्म होने से बाजारों में भी रौनक लौट आई है.
