मुजफ्फरपुर-पटना जाने की टेंशन खत्म: सीतामढ़ी में खुला सैनिक कार्यालय, पूर्व सैनिकों ने जताया आभार

Sitamarhi Sainik Kalyan Karyalaya: सीतामढ़ी के डीएम रीची पांडेय ने सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन किया है, जिससे सीतामढ़ी और शिवहर के पूर्व सैनिकों को अब स्थानीय स्तर पर ही विभागीय मदद मिल सकेगी.

सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट

Sitamarhi Sainik Kalyan Karyalaya: सीतामढ़ी और शिवहर जिले के सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों (Ex-Servicemen) एवं उनके आश्रितों के बड़ी खुशखबरी है. जिले में सैनिक कल्याण कार्यालय का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को हो गया. जिला पदाधिकारी (डीएम) रीची पांडेय ने कलेक्ट्रेट परिसर के समीप फीता काटकर इस नए कार्यालय का उद्घाटन किया. इस गौरवमयी अवसर पर भारी संख्या में जुटे सैनिकों और पूर्व सैनिकों ने इसे दोनों जिलों के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया.

मुजफ्फरपुर और पटना के चक्करों से मिलेगी मुक्ति

इस नवनिर्मित सैनिक कल्याण कार्यालय को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभाग द्वारा अधिकारियों और कर्मियों की नियुक्ति भी कर दी गई है. विंग कमांडर उमेन्दर त्रिपाठी को प्रभारी कल्याण पदाधिकारी, अखिलेश कुमार को कल्याण व्यवस्थापक तथा अनिल कुमार एवं टुनटुन साह को कार्यालय कर्मी के रूप में तैनात किया गया है. उद्घाटन के विशेष मौके पर प्रभारी कल्याण पदाधिकारी विंग कमांडर त्रिपाठी ने जिला पदाधिकारी को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया.

सरहद पर सेवा करने वाले का विशेष सम्मान

डीएम रीची पांडेय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अब स्थानीय स्तर पर ही सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर विभागीय सुविधाएं एवं त्वरित सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने भावुक होते हुए कहा: यूं तो कानूनन सभी नागरिक प्रशासन के लिए एक समान हैं, लेकिन दिन-रात सरहद पर देश की सेवा और सुरक्षा करने वाले वीर सैनिकों का हमारे दिल में विशेष सम्मान है. उनकी और उनके परिवार की हर समस्या का समाधान अब जिला प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर करेगा.

जिला प्रशासन के सार्थक प्रयास और सैनिकों के संघर्ष से मिली बड़ी सफलता

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों की ओर से अनिल कुमार ने जिलाधिकारी रीची पांडेय, कल्याण पदाधिकारी उमेन्दर त्रिपाठी तथा सदर एसडीएम (SDM) आनंद कुमार को तिरंगा अंगवस्त्र भेंट कर जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी के सार्थक प्रयास, त्वरित निर्णय और पूर्व सैनिकों के वर्षों के संघर्ष के बाद आखिरकार सीतामढ़ी की धरती पर सैनिक कल्याण कार्यालय की स्थापना संभव हो सकी है. इस कार्यालय के खुल जाने से अब सीतामढ़ी के साथ-साथ पड़ोसी जिले शिवहर के भी सैनिकों को अपनी पेंशन, वेलफेयर स्कीम्स, विभागीय एवं अन्य व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए मुजफ्फरपुर या राजधानी पटना की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी.

पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने भी जताया आभार

समारोह में पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से नरेन्द्र सिंह ने भी जिला पदाधिकारी एवं नवनियुक्त कल्याण पदाधिकारी को अंगवस्त्र और पुष्पमाला देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने इस कल्याणकारी पहल की सराहना की.

जुटे सैकड़ों आश्रित

इस ऐतिहासिक मौके पर रामेश्वर पूर्वे, अशोक चौधरी, नरेश पंडित, सत्यनारायण झा, लक्ष्मी राय, विजय प्रसाद, ब्रजकिशोर सिन्हा, शशि मिश्रा, रामाशंकर गुप्ता, नंद कुमार, गजेंद्र यादव, केदार महतो सहित बहुत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद परिवारों के सदस्य और उनके आश्रित उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >