Nepal Flash Flood Rescue: नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार और सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है. शुक्रवार को सीमा से सुरक्षित लाए गए सभी तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी से महाराष्ट्र वापस भेजने की व्यवस्था की गई. प्रशासन के इस मानवीय कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है.
Sitamarhi District Administration: अंतर-राज्यीय समन्वय से सफल हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद पैदा हुई विषम परिस्थितियों के कारण फंसे तीर्थयात्रियों ने सबसे पहले महाराष्ट्र सरकार से सहायता की गुहार लगाई थी. इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने बिहार सरकार से संपर्क साधा. बिहार सरकार के निर्देश पर एक्शन में आए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने नेपाल सीमा पर विशेष टीम तैनात कर सभी 106 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित एस्कॉर्ट करते हुए सीतामढ़ी पहुंचाया.
Nepal News: सुरक्षा, भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था
सीतामढ़ी लाए गए सभी श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा रहने, भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई. इसके बाद प्रशासनिक सुरक्षा और सहयोग के बीच सभी तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र के लिए सकुशल रवाना करने की प्रक्रिया पूरी की गई.
तीर्थयात्रियों और केंद्रीय मंत्रालयों ने जताया आभार
अपनी सुरक्षित वापसी पर तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार और सीतामढ़ी जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, तत्परता और प्रभावी राहत प्रयासों के लिए दिल से धन्यवाद दिया. वहीं, बिहार सरकार के त्वरित एक्शन और प्रभावी अंतर-राज्यीय समन्वय की विदेश मंत्रालय (MEA) और गृह मंत्रालय (MHA) ने भी सराहना की है.
