सीतामढ़ी से मो. दुलारे की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रेवासी पंचायत के धनुषी टोला में सोमवार देर रात एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक फूस के घर पर गिर पड़ा. हादसा इतना भयावह था कि एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
सो रहे परिवार पर टूटा मौत बनकर पेड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे. इसी दौरान वर्षों पुराना पीपल का विशाल वृक्ष जड़ समेत उखड़कर घर के ऊपर आ गिरा. पेड़ गिरते ही घर पूरी तरह दब गया और अंदर सो रहे लोग मलबे के नीचे फंस गए.
महिला समेत 5 की मौत
हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी पुनम देवी, उनकी तीन वर्षीय पुत्री, पांच वर्षीय पुत्र, दो छोटे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सिकंदर सहनी गंभीर रूप से घायल हो गया है. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.
ट्रैक्टर से हटाया गया पेड़
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से घर पर गिरे विशाल पेड़ को हटाया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस पहुंची, गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
