Sitamarhi News: सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुँचाने के लिए कृषि विभाग ‘फार्मर रजिस्ट्री’ अभियान को युद्ध स्तर पर चला रहा है. एग्रीस्टैक योजना के तहत जिले में अब तक 1 लाख 80 हजार 247 किसानों का डिजिटल डाटा संग्रहित किया जा चुका है. यह कुल लक्ष्य का 63 प्रतिशत है. इस उपलब्धि पर डीएम रिची पांडेय ने बेहतर कार्य करने वाले 32 अधिकारियों और कर्मियों को समाहरणालय में प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया.
उत्कृष्ट कार्य के लिए सीओ और बीएओ सम्मानित
सम्मानित होने वाले अधिकारियों में सोनबरसा, परिहार और रीगा के सीओ सहित कई प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) शामिल हैं. इसके अलावा राजस्व कर्मचारी, सीएससी प्रबंधक और कृषि समन्वयकों को भी उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहा गया. डीएम ने कहा कि डिजिटल डेटाबेस तैयार होने से किसानों को भविष्य में खाद, बीज और अनुदान की राशि प्राप्त करने में काफी सुगमता होगी.
12 मई से पंचायतों में लगेंगे विशेष कैंप
जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) शांतनु कुमार ने बताया कि जो किसान अब तक इस रजिस्ट्री से नहीं जुड़ पाए हैं, उनके लिए 12 मई से 30 जून तक पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन कैंपों में मुख्य रूप से पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों का ‘फार्मर आईडी’ बनाया जाएगा. किसान स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल या वसुधा केंद्रों के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं.
रजिस्ट्री के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
कैंप में पंजीकरण कराने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड, भूमि संबंधित दस्तावेज (एलपीसी/रसीद) और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है. पंजीकरण की प्रक्रिया में ई-केवाईसी और भूमि संबंधी दावों का डिजिटल सत्यापन किया जाएगा. प्रशासन ने अपील की है कि सभी किसान इस निर्धारित अवधि में अपनी रजिस्ट्री करा लें ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी लाभ से वंचित न रहना पड़े.
सीतामढ़ी से रौशन कुमार की रिपोर्ट
