Sitamarhi Crime News: डुमरा प्रखंड के सिरा गांव में शादी के महज एक वर्ष बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान काजल देवी के रूप में हुई है. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के भैसुर पप्पू पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
सूचना मिलते ही ससुराल पहुंचे परिजन, घर मिला खाली
मृतका के भाई भासर गांव निवासी रौशन कुमार ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे भैसुर का फोन आया कि काजल की तबीयत गंभीर है. सूचना मिलने पर परिजन सिरा गांव स्थित ससुराल पहुंचे तो घर खाली मिला. कुछ देर बाद ऑटो से काजल का शव लाया गया, जिसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.
पति पर प्रताड़ना और प्रेम प्रसंग का आरोप
मृतका के पिता अजय पासवान ने बताया कि काजल की शादी करीब एक वर्ष पूर्व अरविंद कुमार पासवान से हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल को प्रताड़ित किया जाता था. विवाद के कारण वह कुछ समय मायके में रही थी, लेकिन करीब दस दिन पहले समझौते के बाद उसे वापस ससुराल भेजा गया था.
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के समय पति अरविंद कुमार पासवान मुंबई में मजदूरी कर रहा था. उन्होंने दावा किया कि उसका किसी अन्य युवती से प्रेम प्रसंग था और वह काजल को जान से मारने की धमकी देता था. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद सबसे पहले डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद डुमरा थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
डुमरा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल भैसुर पप्पू पासवान से पूछताछ जारी है.
