सीतामढ़ी: सावन और चेहल्लुम को लेकर सीतामढ़ी प्रशासन अलर्ट, नेपाल सीमा पर बढ़ाई निगरानी

सीतामढ़ी में सावन माह के श्रद्धालुओं और चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और संयुक्त गश्त बढ़ाई गई है. चेहल्लुम को लेकर शांति समिति की बैठक में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी में सावन माह के दौरान नेपाल से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और चेहल्लुम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नेपाल सीमा पर संयुक्त गश्त बढ़ा दी गई है, जबकि चेहल्लुम के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शांति समिति की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

नेपाल सीमा पर देर रात अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सावन के दौरान नेपाल से श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) आनंद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) आशीष आनंद ने सोनबरसा प्रखंड के मलंगवा सीमा क्षेत्र का देर रात निरीक्षण किया.

इस दौरान सीमावर्ती थानों की पुलिस, एसएसबी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त रात्रि गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने सीमा पर तैनात जवानों को अवैध आवागमन, तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

चेहल्लुम को लेकर शांति समिति की बैठक

उधर, चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सीतामढ़ी टाउन थाना परिसर में अनुमंडल शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ आनंद कुमार और एएसपी आशीष आनंद ने की.

बैठक में शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से निर्धारित मार्ग और तय समय पर जुलूस निकालने, अफवाहों से बचने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही जुलूस मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस समेत आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन ने कहा कि सावन और चेहल्लुम दोनों अवसरों पर सुरक्षा, शांति और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें: नल-जल योजना प्रभावित, पानी के लिए भटक रहे लोग, वार्ड पार्षद ने लगाया भेदभाव का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमिताभ कुमार

अमिताभ पिछले 17 वर्षों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक दोनों माध्यमों में सक्रिय रहे हैं. एक खोजी पत्रकार के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. भ्रष्टाचार, अपराध एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे हमेशा सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की समस्याओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >