Pupri Shravani Mela: श्रावणी मेला के दौरान हर सोमवार पुपरी की ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. रजिस्ट्री ऑफिस से कर्पूरी चौक तक नो एंट्री लागू रहेगी. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में बैरिकेडिंग, मेडिकल टीम, पेयजल और अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं.
श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय के एसडीओ प्रकोष्ठ में बैठक हुई. इसकी संयुक्त अध्यक्षता एसडीओ गौरव कुमार और एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने की.
सीतामढ़ी और दरभंगा से आने वाले वाहन किधर जाएंगे?
श्रावणी मेला के दौरान प्रत्येक सोमवार को रजिस्ट्री ऑफिस से कर्पूरी चौक तक वाहनों की नो एंट्री रहेगी. ऐसे में सीतामढ़ी की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा.
ये वाहन रजिस्ट्री ऑफिस के समीप से गढ़ा रोड होते हुए कदम चौक जाएंगे. वहीं, दरभंगा की ओर से आने वाले वाहनों को लोहिया भवन, 36 नंबर गुमटी और सरयूग नगरी के रास्ते आगे भेजा जाएगा.
मंदिरों में भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग
एसडीओ ने मंदिर कमिटियों को मेला शुरू होने से पहले मंदिर परिसर और आसपास नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया है. श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल और मेडिकल टीम की व्यवस्था भी करनी होगी.
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी. महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था के साथ मंदिर कमिटी के सभी सदस्यों के लिए पहचान पत्र और बैच अनिवार्य करने को कहा गया है.
नागेश्वर स्थान और पंचेश्वरनाथ मंदिर पर विशेष तैयारी
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नागेश्वर स्थान और पंचेश्वरनाथ महादेव मंदिर में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
दोनों स्थानों पर समुचित लाइटिंग की व्यवस्था करने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए रोड मैप तैयार करने को भी कहा गया है.
प्रखंड स्तर पर मंदिर कमिटियों के साथ होगी बैठक
सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र की मंदिर कमिटियों के साथ बैठक करने और श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने का निर्देश दिया गया है.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल, उप आयुक्त कुलदीप सिन्हा, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ और सीओ, पुलिस पदाधिकारी तथा मंदिर कमिटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. प्रशासन अब तय व्यवस्थाओं को मेला से पहले पूरा कराने और प्रत्येक सोमवार की भीड़ के अनुसार यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी में जुटा है.
