26-27 सितंबर को जुटेगा सर्वोदय नेताओं का महाजुटान, ग्रामदान कानून और भूमि अधिग्रहण पर होगा मंथन

अखिल भारत सर्वोदय मंडल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक सीतामढ़ी में होगी. 26-27 सितंबर को गांधीवादी विचारक ग्रामदान कानून, भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण जैसे ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा करेंगे.

सर्वोदय मंडल बैठक: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित संस्था सर्व सेवा संघ (अखिल भारत सर्वोदय मंडल) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक इस बार सीतामढ़ी में आयोजित की जाएगी. आगामी 26 और 27 सितंबर को होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में देशभर के प्रमुख गांधीवादी विचारक, सर्वोदय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता एकत्र होंगे. बैठक की अध्यक्षता सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदित्य पटनायक करेंगे.

कई राज्यों के प्रमुख गांधीवादी प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

सेवाग्राम (वर्धा) से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में देश के विभिन्न प्रांतों से सर्वोदय आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे. इसमें मुख्य रूप से सेवाग्राम आश्रम के अध्यक्ष आबा काम्बले, महादेव विद्रोही, अरुण भारतीय, कैलाश साहू और धर्मेंद्र सिंह राजपूत समेत कई गणमान्य सामाजिक चिंतक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.

दो दिनों में इन ज्वलंत मुद्दों पर होगी गहन चर्चा

कार्यकारिणी की बैठक में देश के वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और पर्यावरणीय परिदृश्य से जुड़े गंभीर विषयों पर विमर्श होगा:

  • प्रतिमा विखंडन की निंदा: 26 सितंबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र में पश्चिम बंगाल में महात्मा गांधी, महापंडित राहुल सांकृत्यायन और पंडित नेहरू की प्रतिमाएं तोड़े जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की जाएगी.
  • ग्रामदान अधिनियम और भूमि अधिग्रहण: उसी दिन दोपहर 3 बजे के सत्र में महाराष्ट्र सरकार द्वारा ग्रामदान अधिनियम समाप्त किए जाने के निर्णय तथा बिहार के सैटेलाइट सिटी प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण के प्रभाव पर चर्चा होगी.
  • पर्यावरण व जंगल कटाई: महाराष्ट्र के भंडारा में अडानी समूह द्वारा जंगल कटाई से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.
  • गांधी बिहार आगमन शताब्दी: 27 सितंबर को देश की समग्र राष्ट्रीय परिस्थिति की समीक्षा के साथ महात्मा गांधी के ऐतिहासिक बिहार आगमन के शताब्दी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी.

गांधीवादी विचारधारा के प्रसार का संकल्प

बैठक के अंतिम दिन प्रस्ताव पारित कर देश भर में गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: प्रो. अमरनाथ चौधरी बने शिक्षक एवं बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष, सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >