Riga Sugar Mill: बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग ने राज्य में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से रीगा चीनी मिल क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू किया है. शनिवार को ईंख आयुक्त अनिल कुमार झा ने विभागीय अधिकारियों, कृषि विभाग, ग्रामीण कर्मियों और चीनी मिल प्रबंधन के साथ समन्वय बैठक कर गन्ना उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय दोगुनी करने की रणनीति पर चर्चा की.
रीगा चीनी मिल को चाहिए 50 से 60 लाख क्विंटल गन्ना
बैठक में बताया गया कि पिछले पेराई सत्र में रीगा चीनी मिल में केवल 17 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई, जबकि मिल को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 50 से 60 लाख क्विंटल गन्ने की आवश्यकता है. वर्तमान में जिले में करीब 20 हजार एकड़ में गन्ने की खेती हो रही है.
30 लाख क्विंटल उत्पादन पर किसानों को 120 करोड़ रुपये
ईंख आयुक्त ने बताया कि यदि गन्ना उत्पादन 30 लाख क्विंटल तक पहुंचता है तो किसानों के खातों में लगभग 120 करोड़ रुपये जाएंगे. वहीं अगले सीजन में गन्ने का रकबा दोगुना होने पर किसानों को 240 करोड़ रुपये तक का लाभ मिल सकता है.
अनुदान योजनाओं की दी जानकारी
बैठक में किसानों को गन्ना बड नर्सरी और कृषि यंत्र बैंक योजना की जानकारी दी गई. इसके तहत व्यक्तिगत किसानों को 45 प्रतिशत तथा समूहों को 80 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान है. ईंख आयुक्त ने मेजरगंज के सफल किसानों विनय सिंह और अशोक कुमार के मॉडल को अन्य किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए.
बैठक में सहायक निदेशक दीपक कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी शांतनु कुमार, रीगा चीनी मिल के जीएम बी.के. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. ईंख उत्पादक संघ के अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह ने विभाग की इस पहल का स्वागत किया.
यह भी पढ़ें: रजिस्ट्रेशन कराने गई छात्राओं से बदसलूकी और मारपीट, चार छात्राएं घायल
